चंदौली में बर्थडे पार्टी बना खूनी जंग का मैदान, दोस्त ने गुस्से में चला दी गोली 
 

पुलिस जांच में सामने आया कि जहां यह घटना हुई, वह रेलवे का अवैध कब्जा किया गया क्वार्टर है। बताया जा रहा है कि इस क्वार्टर में अक्सर शराब पार्टी और संदिग्ध गतिविधियां होती थीं। 
 

मानस नगर कॉलोनी में चल रही थी जन्मदिन और दारू पार्टी

दोस्तों के बीच विवाद के बाद युवक को मारी गोली

जानिए पुलिस ने किन-किन लोगों को दबोच कर लाया है थाने

चंदौली जिले के अलीनगर थाना क्षेत्र के मानस नगर कॉलोनी स्थित क्वार्टर संख्या 1404 में शनिवार रात शराब पार्टी के दौरान हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। पार्टी के दौरान एक युवक ने अपने ही साथी पर पिस्टल से फायरिंग कर दी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इस घटना में 32 वर्षीय सुनील यादव घायल हो गया है। इसके कंधे में गोली लगने के बाद आर-पार हो गई है। घायल को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उसकी हालत को खतरे से बाहर बताया है।

फायरिंग करने वाले युवक की पहचान हरिओम वर्मा के रूप में हुई है, जो पटपरा क्षेत्र में प्लॉटिंग का काम करता है। वहीं पार्टी में मौजूद तीसरे युवक का नाम रिशु सिंह बताया गया है, जो कुरहना गांव का निवासी है। 

घटना के अनुसार, मानस नगर 1404 वॉटर के नीचे कुछ लोगों ने सुनील यादव को फोन कर बुलाया था। सभी एक-दूसरे को पहचानते थे और आपस में कहासुनी कर रहे थे। सुनील यादव बीच-बचाव करने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान हरि ओम वर्मा ने पिस्टल निकालकर फायरिंग शुरू कर दी, जिसमें सुनील यादव के कंधे में एक गोली लग गई।

पुलिस जांच में सामने आया कि जहां यह घटना हुई, वह रेलवे का अवैध कब्जा किया गया क्वार्टर है। बताया जा रहा है कि इस क्वार्टर में अक्सर शराब पार्टी और संदिग्ध गतिविधियां होती थीं। 

घायल सुनील यादव के बारे में बताया जा रहा है कि वह मूल रूप से चंदौली का रहने वाला है और मुंबई में खटाल (डेयरी व्यवसाय) करता है। घटना की जानकारी मिलते ही अलीनगर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी। स्थानीय लोगों का कहना है कि मानस नगर के रेलवे क्वार्टर अवैध गतिविधियों और अय्याशी के अड्डे बन चुके हैं, लेकिन पुलिस की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

घटना की सूचना मिलते ही अलीनगर थाना प्रभारी फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और छह लोगों को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। हिरासत में लिए गए अभियुक्तों में आनंद सिंह गोलू (बलिया), अगस्त्या शर्मा (वाराणसी), हरि ओम वर्मा (भोगवारे), राहुल यादव (अलीनगर), सौरभ सिंह रिशु (शास्त्री कालोनी) और तौसीफ सिद्दीकी (अलीनगर) शामिल हैं।

पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और घायल सुनील यादव का इलाज चल रहा है। स्थानीय लोगों ने बताया कि इस तरह की घटना से क्षेत्र में भय का माहौल है। इस संबंध में अलीनगर थाना प्रभारी  विनोद मिश्रा ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई। कुछ लोगों को थाने लाया गया है।