चंदौली में लगातार दूसरे दिन ज्वेलरी व्यापारी बना निशाना; बाइक सवार तीन बदमाशों ने सुजीत बिंद को मारी गोली

अलीनगर थाना क्षेत्र के गोधना मोड़ पर एक बाइक पर सवार तीन बेखौफ बदमाशों ने सर्राफा कारोबारी सुजीत बिंद को गोली मार दी। इस वारदात से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और पुलिस हमलावरों की तलाश में जुटी है।

 

सर्राफा व्यापारी को मारी गोली

दुकान बंद कर जा रहे थे घर

तीन अज्ञात बाइक सवार बदमाश फरार

क्राइम ब्रांच की टीम मौके पर पहुंची

सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी पुलिस

चंदौली जिले के अलीनगर थाना क्षेत्र के गोधना मोड़ पर गुरुवार को उस समय अचानक सनसनी फैल गई, जब बेखौफ अपराधियों ने एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया। यहाँ एक बाइक पर सवार होकर आए तीन अज्ञात बदमाशों ने एक सर्राफा कारोबारी को निशाना बनाते हुए उन पर गोली चला दी। इस दुस्साहसिक वारदात के बाद पूरे मार्केट और मनोहरपुर सड़क जाने वाले मार्ग पर अफरा-तफरी मच गई। घटना को अंजाम देने के बाद सभी हमलावर मौके से फरार हो गए।

बाएं हाथ में लगी गोली, मची चीख-पुकार
जानकारी के अनुसार, मनोहरपुर गांव के निवासी सुजीत बिंद की गोधना मोड़ पर ही आभूषण की दुकान है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सुजीत रात को अपनी दुकान बढ़ाकर घर जाने की तैयारी कर रहे थे, तभी अचानक बाइक से पहुंचे तीन बदमाशों ने दुकान के पास आकर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। बदमाशों द्वारा चलाई गई गोली सुजीत बिंद के बाएं हाथ में जा लगी, जिससे वह लूलहान होकर वहीं गिर पड़े। गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोगों की भारी भीड़ जुट गई।

अलीनगर में बदमाशों ने सर्राफा व्यापारी को गोली मारकर की लूट

व्यापारी दुकान बंद कर जा रहा था घर

घायल व्यापारी गंभीर हालत में ट्रामा सेंटर हुआ रेफर

एक बाइक पर तीन बदमाशों ने घटना को दिया अंजाम

चंदौली पुलिस घटना के बाद हुई सक्रिय@Uppolice @chandaulipolice @adgzonevaranasi pic.twitter.com/E6eizmkhDH

— Chandauli Samachar (@chandaulinews) May 28, 2026


क्राइम ब्रांच और पुलिस टीम जांच में जुटी
घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए सूचना मिलते ही अलीनगर थाने की पुलिस और क्षेत्राधिकारी (सीओ) अरुण कुमार सिंह तुरंत भारी बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने खून से लथपथ घायल व्यापारी को तत्काल इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं, जिले में लगातार दूसरे दिन ज्वेलरी व्यापारी को निशाना बनाए जाने की गंभीरता को देखते हुए क्राइम ब्रांच की टीम भी फौरन मौके पर सक्रिय हो गई।

बदमाशों की धरपकड़ के लिए सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
इस दुस्साहसिक मामले को लेकर पुलिस के आला अधिकारियों का कहना है कि बदमाशों की धरपकड़ के लिए इलाके की घेराबंदी कर दी गई है। पुलिस की टीमें गोधना मोड़ और आसपास के मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही हैं ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। हालांकि, सर्राफा व्यापारी को गोली मारने के पीछे की मुख्य वजह और लूट के प्रयास की स्थिति अभी पूरी तरह से स्पष्ट नहीं हो सकी है, पुलिस हर एंगल से तफ्तीश कर रही है।