वोटर लिस्ट में नए नाम जुड़वाने के लिए कमर कस लें सपा कार्यकर्ता, पूर्व सांसद रामकिशुन यादव ने की बड़ी अपील

चंदौली के पूर्व सांसद रामकिशुन यादव ने सपा कार्यकर्ताओं से मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान में जुटने और 18 वर्ष पूरे करने वाले पात्र युवाओं के नाम जुड़वाने की अपील की है।
 

पूर्व सांसद रामकिशुन यादव ने की बड़ी अपील

1 जनवरी 2027 को 18 साल वाले बनेंगे वोटर

बूथ और फ्रंटल संगठनों को दिया अहम टास्क

छूटे हुए पात्र लोगों के भरवाएं जाएंगे फॉर्म-6

मतदाता सूची की गलतियों में भी होगा सुधार

चंदौली जिले में समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व सांसद रामकिशुन यादव ने मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SSR) अभियान को लेकर पार्टी के सभी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं से सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए हर पात्र नागरिक का नाम वोटर लिस्ट में होना बेहद जरूरी है। इसलिए सभी कार्यकर्ता अभी से चुनावी तैयारियों में जुट जाएं और अपने-अपने क्षेत्रों में पात्र लोगों के नाम मतदाता सूची में जुड़वाने के लिए पूरी तरह कमर कस लें।

बूथ, छात्र और फ्रंटल संगठनों के पदाधिकारियों से की खास अपील

पूर्व सांसद ने पार्टी के बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं, छात्र सभा के पदाधिकारियों और सभी फ्रंटल संगठनों से इस अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने का आह्वान किया। उन्होंने निर्देश दिया कि एक जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले सभी युवाओं की पहचान कर उनका नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए फॉर्म-6 भरवाया जाए। साथ ही, जिन पात्र लोगों के नाम किसी कारणवश वोटर लिस्ट में छूट गए हैं, उन्हें भी जागरूक कर उनका नाम जुड़वाने में पूरी मदद करें।

गलतियों में सुधार कराएं, कोई भी पात्र व्यक्ति मताधिकार से न रहे वंचित

रामकिशुन यादव ने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे केवल नए नाम जोड़ने तक ही सीमित न रहें, बल्कि मतदाता सूची की बारीकी से जांच भी करें। यदि किसी मतदाता के नाम, पते या अन्य विवरणों में कोई त्रुटि है, तो नियमानुसार संबंधित फॉर्म भरवाकर उसमें समय रहते संशोधन कराएं। उन्होंने जोर देकर कहा कि मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्य में पूरी सतर्कता और गंभीरता बरती जाए, ताकि जिले का कोई भी पात्र नागरिक अपने संवैधानिक मताधिकार से वंचित न रह जाए।