आरती पशु आहार कंपनी में  करंट उतरने से 4 मजदूर झुलसे, ढलाई के दौरान मिक्सर मशीन में करंट उतरने से लगा करंट

स्थानीय लोगों ने बताया कि हादसे के वक्त मजदूर ढलाई के अंतिम चरण का काम कर रहे थे। अचानक मशीन में करंट आने से सभी मजदूर एक-एक कर गिर पड़े।
 

आरती पशु आहार कंपनी में ढलाई के दौरान बड़ा हादसा

ढलाई के मिक्सर मशीन में करंट उतरने से चार मजदूर झुलसे

सभी को कमलापति त्रिपाठी अस्पताल में कराया गया भर्ती 

चंदौली जिले के अलीनगर थाना क्षेत्र के फेस-2 स्थित आरती पशु आहार कंपनी में गुरुवार को ढलाई कार्य के दौरान बड़ा हादसा हो गया। ढलाई के लिए प्रयुक्त मिक्सर मशीन में अचानक करंट उतरने से चार मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए। घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। घायल मजदूरों को तत्काल कमलापति त्रिपाठी जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने पुलिस को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद 112 पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी।

इस संबंध में  थाना प्रभारी अनिल पांडेय ने बताया कि कंपनी में ढलाई कार्य चल रहा था, तभी मशीन में करंट उतरने से चार मजदूर—दिलीप (35 वर्ष), फूलचंद (45 वर्ष), राजू (35 वर्ष) और सुशीला (40 वर्ष)—झुलस गए। सभी को तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।

थाना प्रभारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह हादसा बिजली के तारों के संपर्क में आने से मशीन में करंट उतरने के कारण हुआ बताया जा रहा है। पुलिस और कंपनी प्रबंधन पूरे मामले की जांच में जुटे हैं।

स्थानीय लोगों ने बताया कि हादसे के वक्त मजदूर ढलाई के अंतिम चरण का काम कर रहे थे। अचानक मशीन में करंट आने से सभी मजदूर एक-एक कर गिर पड़े। उनके चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनकर साथी मजदूरों ने बिजली आपूर्ति बंद कराई और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

फिलहाल सभी मजदूरों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र कर कंपनी प्रबंधन से पूछताछ शुरू कर दी है। इस हादसे के बाद आसपास के औद्योगिक क्षेत्रों में भी सुरक्षा मानकों को लेकर चर्चा तेज हो गई है।