मुगलसराय में हाई वोल्टेज ड्रामा: युवती ने बीच सड़क पर युवक को जड़े तड़तड़ा थप्पड़, वीडियो वायरल

चंदौली के मुगलसराय में एक युवती ने बीच सड़क पर युवक की पिटाई कर दी। गड्ढे के कारण युवक का ट्रॉली बैग युवती से टकरा गया था, जिस पर छेड़खानी का आरोप लगाते हुए युवती ने हंगामा खड़ा कर दिया।

 

बीच सड़क युवती ने युवक को थप्पड़ मारे

ट्रॉली बैग टकराने पर हुआ बड़ा विवाद

बिहार से शादी में आया था युवक

ट्रैफिक पुलिस ने किया बीच-बचाव

मुगलसराय जीटी रोड पर हाई वोल्टेज ड्रामा

चंदौली जनपद के मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत जीटी रोड पर काली मंदिर के समीप सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवती ने एक युवक को बीच सड़क पर जमकर पीट दिया। युवती ने युवक पर छेड़खानी का आरोप लगाते हुए एक के बाद एक कई थप्पड़ जड़ दिए। इस हाई वोल्टेज ड्रामे का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।


गड्ढे के कारण टकराया बैग और शुरू हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, पीड़ित युवक मूल रूप से बिहार का रहने वाला है और चंदौली में एक वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने आया था। वह अपना ट्रॉली बैग लेकर जीटी रोड से गुजर रहा था। सड़क पर हुए एक गड्ढे के कारण अचानक युवक का पैर लड़खड़ाया और उसका बैग पास से गुजर रही युवती के पैर से टकरा गया। इसी बात को लेकर युवती भड़क गई और उसने युवक पर छेड़खानी का आरोप लगाते हुए शोर मचाना शुरू कर दिया।

पिटाई और थाने में बंद कराने की धमकी
गुस्साई युवती ने युवक की कोई बात नहीं सुनी और सड़क पर ही उसे थप्पड़ मारना शुरू कर दिया। युवती ने न केवल मारपीट की बल्कि युवक को नाखून से खरोंचने और पुलिस बुलाकर थाने में बंद कराने की धमकी भी दी। इस दौरान सड़क पर राहगीरों की भारी भीड़ जमा हो गई। मौके पर तैनात ट्रैफिक पुलिस कर्मियों ने तुरंत हस्तक्षेप किया और बड़ी मुश्किल से युवती को समझा-बुझाकर शांत कराया और बीच-बचाव किया।

पुलिस की कार्रवाई
घटना के समय किसी राहगीर ने इस पूरी पिटाई का वीडियो बना लिया, जो अब इंटरनेट पर वायरल है। वीडियो में युवक अपनी बेगुनाही की गुहार लगाता दिख रहा है। इस संबंध में मुगलसराय पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो का संज्ञान लिया गया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और वीडियो में दिख रहे लोगों की पहचान के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।