जयपुर से घर लौट रहे झारखंड के अजय की हत्या नहीं.. तालाब में डूबने से हुई मौत, पुलिस ने दी पोस्टमार्टम की जानकारी 

 

चंदौली के गोधना मोड़ तालाब में मिले झारखंड निवासी अजय कुमार के शव मामले में नया अपडेट आया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में डूबने से मौत की पुष्टि हो गई है। पुलिस के अनुसार, परिजनों को शव सौंप दिया गया है।

 
 

गोधना मोड़ तालाब में डूबने से मौत

राजस्थान से झारखंड लौट रहा था मृतक अजय

चंदौली अलीनगर पुलिस ने की मौत की पुष्टि

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामने आई असली वजह

परिजनों को सौंपा गया मृतक का शव

चंदौली जिले के अलीनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत गोधना मोड़ के पास स्थित एक तालाब से मिले युवक के शव के मामले में एक बड़ा अपडेट सामने आया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद अब मौत की असली वजह साफ हो गई है। अलीनगर इंस्पेक्टर गगन राज सिंह ने बताया कि रिपोर्ट में युवक की मौत तालाब के पानी में डूबने की वजह से होना साबित हुआ है।

जयपुर से घर जाने के लिए निकला था मृतक अजय

यह पूरा मामला 18 अगस्त का है, जब गोधना मोड़ के पास चाय की दुकान से सटे तालाब में लगभग 35 साल के एक युवक का शव तैरता हुआ मिला था। पानी में तैरती लाश को देखते ही आसपास के इलाके में सनसनी फैल गई थी और मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई थी। सूचना मिलते ही अलीनगर थाने की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पानी से बाहर निकलवाया और अपनी कस्टडी में ले लिया था।

मोबाइल से हुई पहचान, परिजनों तक पहुंची खबर

पुलिस की शुरुआती जांच में मृतक के पास से एक मोबाइल नंबर मिला था। उसी नंबर के सहारे पुलिस ने उसके परिवार वालों से बात की। इसके बाद परिजन चंदौली पहुंचे और मृतक की पहचान झारखंड के गिरिडीह जिले स्थित जमुआ थाना क्षेत्र के मेरखोगुंडी खुर्द गांव निवासी अजय कुमार के रूप में की। स्वजनों ने बताया कि अजय राजस्थान के जयपुर में एक प्राइवेट कंपनी में काम करता था और 17 अगस्त को अपने गांव लौटने के लिए वहां से निकला था। लेकिन अगले ही दिन उसकी लाश तालाब में मिली।

तरह-तरह की आशंकाओं पर लगा पूर्णविराम

घटना के समय मृतक का शव जिस हालत में मिला था, उसे देखकर स्थानीय लोगों के बीच कई तरह की बातें चल रही थीं। युवक की दोनों मुट्ठियां कसकर बंधी हुई थीं और उसके मुंह से झाग निकल रहा था, जिससे लोग किसी अनहोनी का अंदेशा जता रहे थे। हालांकि, अब पोस्टमार्टम की डॉक्टरों की रिपोर्ट आने के बाद यह साफ हो गया है कि उसकी जान पानी में डूबने से ही गई थी।

परिजनों ने नहीं दी पुलिस को कोई शिकायत

मामले की जानकारी देते हुए अलीनगर इंस्पेक्टर गगन राज सिंह ने स्पष्ट किया कि पोस्टमार्टम के बाद जरूरी कानूनी प्रक्रिया पूरी करके शव को परिजनों को सौंप दिया गया है, जिसे वे अपने साथ ले गए हैं। इस पूरे घटनाक्रम को लेकर परिजनों की तरफ से पुलिस को फिलहाल कोई लिखित शिकायत या तहरीर नहीं दी गई है।