गोधना मोड़ तालाब में मिली लाश की हुई पहचान, झारखंड के अजय कुमार के रूप में हुई शिनाख्त
चंदौली के अलीनगर में गोधना मोड़ स्थित तालाब में मिले युवक के शव की पहचान झारखंड निवासी अजय कुमार के रूप में हुई है। अजय जयपुर से अपने घर लौट रहा था। पुलिस अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट के जरिए मौत की असल वजह तलाश रही है।
गोधना मोड़ तालाब से मिला शव
झारखंड के अजय कुमार की पहचान
जयपुर से घर लौट रहा था युवक
कसकर बंधी मिलीं दोनों मुट्ठियां
पीएम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
चंदौली जिले के अलीनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत गोधना मोड़ स्थित तालाब में 18 अगस्त को तैरता हुआ मिला करीब 35 वर्षीय युवक का शव अब लावारिस नहीं रहा। पुलिस की जांच और परिजनों की मौजूदगी के बाद मृतक की शिनाख्त हो गई है। मृतक की पहचान झारखंड राज्य के गिरिडीह जिले के जमुआ थाना क्षेत्र स्थित मेरखोगुंडी खुर्द गांव निवासी अजय कुमार के रूप में की गई है।
मंगलवार को गोधना मोड़ के पास एक चाय की दुकान के पीछे बने तालाब में ग्रामीणों ने एक युवक का शव तैरते हुए देखा था। पानी में लाश मिलने की खबर फैलते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और मौके पर भारी भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही अलीनगर थाना प्रभारी गगन राज सिंह पुलिस बल के साथ पहुंचे और शव को बाहर निकलवाया।
कसकर बंधी थीं मुट्ठियां, मुंह से निकल रहा था झाग
तालाब से बाहर निकाले गए शव की स्थिति देखकर मौके पर मौजूद लोग दंग रह गए। मृतक की दोनों मुट्ठियां बेहद कसकर बंधी हुई थीं और उसके मुंह से झाग निकल रहा था। युवक जींस और बनियान पहने हुआ था, हाथ में घड़ी तथा दाहिने हाथ में कलावा व कड़ा बंधा मिला था।
घटनास्थल के इन संदिग्ध हालातों को लेकर तरह-तरह की आशंकाएं जताई जाने लगीं। पुलिस ने तुरंत पंचनामा भरकर शव को मोर्चरी भेज दिया था। इसके बाद पुलिस को मौके से एक मोबाइल नंबर मिला, जिसके सहारे मृतक के परिजनों से संपर्क साधा गया।
जयपुर से घर के लिए निकला था अजय, चंदौली में मिली लाश
पुलिस की सूचना पर रोते-बिलखते परिजन बुधवार की सुबह चंदौली पहुंचे और शव की शिनाख्त अजय कुमार के रूप में की। कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पुलिस ने शव को परिजनों के सुपुर्द कर दिया। परिजनों के मुताबिक अजय अपने परिवार का सहारा था और अचानक हुई इस घटना से पूरा परिवार सदमे में है।
मृतक के पिता महेंद्र खानी ने बताया कि अजय राजस्थान के जयपुर में एक निजी फैक्ट्री में काम करता था। वह 17 अगस्त को जयपुर से ट्रेन पकड़कर अपने गांव लौटने के लिए निकला था। लेकिन वह घर पहुंचने के बजाय रास्ते में चंदौली कैसे पहुंचा और तालाब तक कैसे गया, यह बात रहस्य बनी हुई है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का असली राज
इस दर्दनाक घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं ताकि अजय की मौत का सच सामने आ सके। पुलिस भी हर एंगल से मामले की छानबीन करने में जुटी है।
अलीनगर थाना प्रभारी गगन राज सिंह ने बताया कि पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करा दिया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस अजय के सफर के रास्ते और कॉल डिटेल्स की जांच कर रही है।