चंदौली में प्रधान बना फर्जी इंस्पेक्टर, सोशल मीडिया पर वायरल हुआ ऑडियो
इंस्पेक्टर बनकर प्रधान देता है धमकी
जमीन कब्जाने के लिए बना रहा है दबाव
अब सीओ साहब कराएंगे मामले की जांच
पीड़ित ने अलीनगर थाने में दे दी है तहरीर
चंदौली जिले में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहाँ एक ग्राम प्रधान ने खुद को इंस्पेक्टर अलीनगर बताकर लोगों को मोबाइल पर धमकाया। इस फर्जीवाड़े का ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद जिले में हड़कंप मच गया है। बताया जा रहा है कि यह व्यक्ति अमोघपुर ग्राम का प्रधान सुनील चौहान है, जिसने बातचीत के दौरान खुद को अलीनगर थाने का प्रभारी बताकर लोगों पर दबाव बनाया और उन्हें डराने-धमकाने का प्रयास किया।
वायरल ऑडियो सामने आने के बाद लोग सवाल उठा रहे हैं कि जब एक जनप्रतिनिधि इस तरह से कानून व्यवस्था की धज्जियां उड़ाएगा, तो आम जनता से क्या उम्मीद की जा सकती है। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस प्रशासन भी हरकत में आ गया।
इस संबंध में क्षेत्राधिकारी (सीओ) कृष्ण मुरारी शर्मा ने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल ऑडियो की जांच कराई जा रही है। प्रथम दृष्टया मामला फर्जी पहचान बनाकर धमकी देने और सरकारी पद का दुरुपयोग करने से जुड़ा प्रतीत होता है। जांच पूरी होने के बाद संबंधित व्यक्ति के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ऐसे मामलों में किसी को भी कानून से ऊपर नहीं समझा जाएगा। यदि कोई व्यक्ति स्वयं को पुलिस अधिकारी बताकर जनता को गुमराह करता है, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई तय है। इस घटना ने जिले में प्रशासनिक सतर्कता बढ़ा दी है, वहीं लोग भी इस मामले को लेकर सोशल मीडिया पर जमकर प्रतिक्रिया दे रहे हैं।