पति-पत्नी से विवाद में खत्म हो गया पूरा परिवार, बेटे की हत्या कर पिता ने भी कर ली आत्महत्या

एक सप्ताह पहले दोनों के बीच तीखा विवाद हुआ। इसके बाद कृष्णा गुप्ता अपने बेटे को लेकर गुजरात के अहमदाबाद में रह रहे अपने पिता अशोक गुप्ता के पास चले गए।
 

मुगलसराय निवासी कृष्णा गुप्ता ने अहमदाबाद में दी खौफनाक वारदात को अंजाम

रविवार रात बेटे की हत्या के बाद खुदकुशी से कांपा परिवार

पति-पत्नी के बीच चल रहा था लंबे समय से विवाद

दिल्ली में पत्नी संग रहता था कृष्णा गुप्ता, हुआ था प्रेम विवाह

चंदौली जिले के पीडीडीयू नगर में पारिवारिक विवाद एक बार फिर दुखद त्रासदी में तब्दील हो गया। मुगलसराय के वेस्टर्न बाजार निवासी कृष्णा गुप्ता ने पत्नी से चले आ रहे विवाद से क्षुब्ध होकर अहमदाबाद में पहले अपने आठ वर्षीय बेटे की हत्या कर दी और फिर खुद फांसी लगाकर जान दे दी। यह हृदयविदारक घटना रविवार रात की बताई जा रही है।

आपको बता दें कि 32 वर्षीय कृष्णा गुप्ता (उर्फ अंशु), मूल रूप से वेस्टर्न बाजार, पीडीडीयू नगर के रहने वाले थे और कुछ समय पहले दिल्ली में रहकर कार्यरत थे। वर्ष 2018 में उन्होंने तत्कालीन डीआरएम विद्याभूषण द्वारा गोद ली गई लड़की सुन्नी ब्रो से प्रेम विवाह किया था। विवाह के बाद दोनों दिल्ली में रहने लगे थे और उनका एक आठ वर्षीय बेटा रेयांश था।

सूत्रों के अनुसार, पिछले कुछ समय से पति-पत्नी के बीच अनबन चल रही थी। एक सप्ताह पहले दोनों के बीच तीखा विवाद हुआ। इसके बाद कृष्णा गुप्ता अपने बेटे को लेकर गुजरात के अहमदाबाद में रह रहे अपने पिता अशोक गुप्ता के पास चले गए। परिजनों का कहना है कि कृष्णा घरेलू कलह और मानसिक तनाव से परेशान था।

रविवार की रात उसने पहले अपने बेटे की गला दबाकर हत्या कर दी और फिर फांसी लगा ली। सुबह जब परिजनों को घटना की जानकारी हुई तो कोहराम मच गया। इस हृदयविदारक घटना के बाद मां गीता देवी, भाई गणेश और बहन गुड़िया का रो-रोकर बुरा हाल है। पीडीडीयू नगर स्थित उनके पैतृक आवास पर मातम पसरा हुआ है।