चंदौली खेल महोत्सव का आगाज: प्रयाग इंटरनेशनल स्कूल में चेस प्रतियोगिता के साथ खेल उत्सव शुरू

 

राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर चंदौली में चार दिवसीय 'चंदौली खेल महोत्सव' की शुरुआत हुई। प्रयाग इंटरनेशनल स्कूल में आयोजित चेस प्रतियोगिता के रोमांचक मुकाबलों के बाद आयुष और आदित्य ने फाइनल में अपनी जगह पक्की की।

 
 

चंदौली खेल महोत्सव का चेस प्रतियोगिता से शुभारंभ

40 खिलाड़ियों के बीच दिमागी खेल का रोमांचक मुकाबला

आयुष और आदित्य ने शानदार खेल से फाइनल में प्रवेश किया

राष्ट्रीय खेल दिवस के उपलक्ष्य में आयोजन

31 अगस्त को विजेताओं को मिलेगा मेडल और नकद पुरस्कार

चंदौली जिले में राष्ट्रीय खेल दिवस के खास मौके पर स्पोर्ट्स एसोसिएशन ऑफ चंदौली और जिला खेल जगत फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में 'चंदौली खेल महोत्सव' का भव्य शुभारंभ हुआ। यह चार दिवसीय खेल उत्सव 27 अगस्त से 29 अगस्त तक आयोजित किया जा रहा है। 
महोत्सव के पहले दिन प्रयाग इंटरनेशनल स्कूल में चेस (शतरंज) प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस दिमागी खेल में क्षेत्र के 40 खिलाड़ियों ने हिस्सा लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

खिलाड़ियों के बीच दिखा दिमागी खेल का रोमांच
प्रतियोगिता के दौरान आनंद, सौरभ, दिव्यांश, प्रांजल, रितेश, अभियान, आदित्य, अमृत, अर्पित, राज गौरव, आयुष और अभिजीत ने अपने बेहतरीन चालों से सभी का ध्यान खींचा। इसके बाद क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में आनंद का सामना दिव्यांश से, अर्पित का आयुष से, आदित्य का सौरभ से और अमृत का मुकाबला रितेश से हुआ। इन कड़े मुकाबलों में आनंद, आयुष, आदित्य और अमृत ने अपनी एकाग्रता का परिचय देते हुए सेमीफाइनल में प्रवेश किया। इसके बाद हुए मुकाबलों में आयुष और आदित्य ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल राउंड में अपनी जगह बना ली।

अतिथियों ने बढ़ाया खिलाड़ियों का हौसला
प्रतियोगिता के पहले दिन का शुभारंभ प्रयाग इंटरनेशनल स्कूल के डायरेक्टर दिवाकर यादव ने मुख्य अतिथि के रूप में किया। वहीं, स्कूल के डीन आर.पी. सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। सभी अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और खेल भावना की तारीफ की।

31 अगस्त को होगा पुरस्कार वितरण
आयोजक और स्पोर्ट्स एसोसिएशन ऑफ चंदौली व जिला खेल जगत फाउंडेशन के जिला महासचिव कुमार नंदजी ने बताया कि महोत्सव के तहत हर दिन अलग-अलग खेलों का आयोजन किया जा रहा है।

इस चार दिवसीय खेल महोत्सव का समापन 31 अगस्त को पुरस्कार वितरण समारोह के साथ होगा। प्रतियोगिता में विजेता रहने वाले खिलाड़ियों को प्रमाणपत्र, मेडल और प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ी को 500 रुपये का नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा।