मुगलसराय में किन्नरों पर हमला और लूट, कोतवाली घेर कर जताया विरोध
पड़ाव क्षेत्र में रिंकी किन्नर और सहयोगी पर लाठी-डंडों से हमला
डायमंड ज्वेलरी और कीमती सामान लूट ले गए हमलावर
आक्रोशित किन्नर समुदाय का कोतवाली पर जोरदार प्रदर्शन
आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सौंपा ज्ञापन
चंदौली जिले के मुगलसराय कोतवाली अंतर्गत पड़ाव क्षेत्र में गुरुवार को किन्नर समुदाय के सदस्यों पर हुए हमले और लूट की घटना से आक्रोशित किन्नरों ने कोतवाली का घेराव कर विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने पुलिस से आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की और इस प्रकार की घटनाओं पर सख्त कार्रवाई की अपील की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रिंकी किन्नर और उनके सहयोगी पर कुछ स्थानीय किन्नरों व युवकों ने अचानक लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस हमले में रिंकी किन्नर घायल हो गईं, जबकि उनके साथी शिवम की कार को भी क्षति पहुंचाई गई। हमले के दौरान रिंकी किन्नर के पास मौजूद डायमंड की ज्वेलरी सहित अन्य कीमती सामान लूट लिए गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमलावरों की संख्या लगभग 20 थी, जिन्होंने चारों ओर से घेरकर हमला किया और मारपीट करते हुए सामान छीन लिया।
इस घटना से आहत किन्नर समुदाय के लगभग 50 सदस्य गुरुवार को मुगलसराय कोतवाली पहुंचे और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ मनबढ़ किन्नर आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त हैं और अपने साथ स्थानीय लड़कों की टोली लेकर छिनैती व मारपीट जैसी घटनाओं को अंजाम देते हैं।
प्रदर्शन कर रहे किन्नरों ने चेतावनी दी कि यदि पुलिस ने शीघ्र कार्रवाई नहीं की, तो वे बड़ा आंदोलन करेंगे। साथ ही उन्होंने प्रशासन से मांग की कि किन्नर समुदाय की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए और इस प्रकार की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए सख्त कदम उठाए जाएं।
हालांकि पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया है।