DDU जंक्शन पर मिली रेलयात्री को मदद, हार्ट अटैक आने के बाद भी बच गयी जान
रेलवे स्टेशन पर यात्री को हार्ट अटैक
RPF और डॉक्टर की तत्परता से बची जान
कोलकाता ग्वालियर एक्सप्रेस में यात्री को पड़ा था दिल का दौरा
चंदौली जिले के दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन पर गुरुवार की बीती रात एक यात्री को अचानक हार्ट अटैक आने से हड़कंप मच गया। घटना गुरुवार रात करीब 10:15 बजे की है जब गाड़ी संख्या 12319 अप कोलकाता ग्वालियर एक्सप्रेस प्लेटफार्म नंबर 6 पर आई और निर्धारित समय 10:40 बजे अपने गंतव्य के लिए प्रस्थान करने वाली थी। इसी दौरान कोच के यात्रियों ने जोर से आवाज देकर बताया कि एक व्यक्ति को हार्ट अटैक आया है।
सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट डीडीयू के सहायक उप निरीक्षक शाहिद खान अपने स्टाफ के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। उन्होंने देखा कि कोच संख्या B-3 से प्रेशर निकल रहा था और वहां यात्रियों की भारी भीड़ जमा थी। यात्रियों ने बताया कि एक बुजुर्ग यात्री की अचानक तबीयत बिगड़ गई है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए आरपीएफ टीम ने तुरंत प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार रावत को सूचना दी।
प्रभारी निरीक्षक के निर्देश पर त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर मौजूद रेलवे डॉक्टर को सूचित किया गया, जो उस समय स्टेशन पर ही दूसरे मरीज को देखने आए थे। डॉक्टर को तत्काल मौके पर लाया गया, जहां उन्होंने पीड़ित यात्री की जांच की और प्राथमिक उपचार के बाद उसे तुरंत अस्पताल ले जाने का निर्णय लिया।
पीड़ित यात्री की पहचान जयंत कुमार दास, उम्र लगभग 67 वर्ष, निवासी 6/1 के. एम. घोष रोड, कोलकाता के रूप में हुई। डॉक्टर अभिषेक और उनके स्टाफ द्वारा प्राथमिक उपचार के बाद आरपीएफ टीम की मदद से पीड़ित को ट्रेन से उतारकर रेलवे एम्बुलेंस के माध्यम से मंडल रेल अस्पताल पहुंचाया गया।
अस्पताल में पहुंचने के बाद डॉक्टरों ने उन्हें तुरंत आईसीयू वार्ड में भर्ती कर उपचार शुरू किया। वहीं, आरपीएफ टीम द्वारा घटना की जानकारी तत्काल उनके पुत्र साकेत दास को दी गई। आरपीएफ की त्वरित कार्रवाई और डॉक्टर की समय पर उपलब्धता से यात्री की जान बच गई।
इस घटना ने एक बार फिर यह साबित किया कि दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन पर रेलवे और सुरक्षा बल के समन्वित प्रयासों से यात्रियों की सुरक्षा और स्वास्थ्य के प्रति सतर्कता सर्वोच्च प्राथमिकता बनी हुई है।