वियतनाम में चमका चंदौली का लाल: अंतरराष्ट्रीय कोच कृष्णकांत यादव के नेतृत्व में पहलवानों ने जीते 8 पदक

 

वियतनाम में आयोजित अंडर-23 एशियाई कुश्ती चैंपियनशिप में भारतीय ग्रीको रोमन टीम ने कोच कृष्णकांत यादव के मार्गदर्शन में 8 पदक जीतकर इतिहास रच दिया है। इस बड़ी अंतरराष्ट्रीय कामयाबी से चंदौली जिले में जश्न का माहौल है।

 
 

वियतनाम में जीता ऐतिहासिक कीर्तिमान

कुल आठ पदक किए नाम

सुमित ने जीता स्वर्ण पदक

कोच कृष्णकांत यादव का नेतृत्व

चंदौली के खेल प्रेमियों में खुशी

चंदौली जिले के मुगलसराय क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सराय छोटू गांव के निवासी और अंतरराष्ट्रीय पहलवान व एशियाई मेडलिस्ट कृष्णकांत यादव ने एक बार फिर वैश्विक पटल पर जिले और देश का गौरव बढ़ाया है। उनके कुशल मार्गदर्शन में भारतीय ग्रीको रोमन कुश्ती टीम ने वियतनाम में आयोजित अंडर-23 एशियाई कुश्ती चैंपियनशिप में ऐतिहासिक और अभूतपूर्व प्रदर्शन किया है।

कोच कृष्णकांत के नेतृत्व में बना नया कीर्तिमान
वियतनाम में 21 से 28 मई तक आयोजित की गई इस प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए कृष्णकांत यादव को भारतीय टीम का ग्रीко रोमन मुख्य कोच नियुक्त किया गया था। उनके नेतृत्व में भारतीय पहलवानों ने पहली बार ग्रीको रोमन वर्ग में शानदार खेल दिखाते हुए कुल आठ पदक अपने नाम किए और एक नया कीर्तिमान स्थापित किया। भारतीय टीम की इस झोली में एक स्वर्ण, दो रजत और पांच कांस्य पदक शामिल रहे।

खिलाड़ियों ने पदक जीतकर मचाया धमाल
प्रतियोगिता के दौरान भारतीय खिलाड़ियों ने दमदार दांव-पेंच दिखाए। चैंपियनशिप के 63 किलोग्राम भारवर्ग में सुमित ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए देश के लिए स्वर्ण पदक (गोल्ड मेडल) हासिल किया। इसके साथ ही, 60 किलोग्राम वर्ग में सूरज और 67 किलोग्राम वर्ग में सागर सिंह ने विरोधी पहलवानों को चित करते हुए देश के लिए रजत पदक (सिल्वर मेडल) जीते।

कांस्य पदक जीतने वाले जांबाज खिलाड़ी
कांस्य पदक (ब्रॉन्ज मेडल) जीतने वाले खिलाड़ियों में भी कड़ा मुकाबला देखने को मिला। इसमें 55 किलोग्राम वर्ग में नीरज पटेल, 77 किलोग्राम वर्ग में सचिन और 87 किलोग्राम वर्ग में रोहित बुरा ने बाजी मारी। इसके अलावा, 97 किलोग्राम भारवर्ग में रोहित तथा 130 किलोग्राम हैवीवेट वर्ग में हरदीप ने बेहतरीन प्रदर्शन कर कांस्य पदक देश के नाम किए। वहीं, 72 किलोग्राम वर्ग में विनीत और 82 किलोग्राम वर्ग में अमित गोपे ने भी इस प्रतियोगिता में हिस्सा लेकर कड़ा संघर्ष किया।

क्षेत्रवासियों और खेल प्रेमियों में उत्साह की लहर
ऐतिहासिक जीत के बाद वतन वापसी पर मुख्य कोच कृष्णकांत यादव ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि भारतीय ग्रीको रोमन टीम का यह अब तक का सबसे सर्वश्रेष्ठ और यादगार प्रदर्शन है। कोच कृष्णकांत और भारतीय टीम की इस बड़ी अंतरराष्ट्रीय उपलब्धि की जानकारी मिलते ही चंदौली जिले के खेल प्रेमियों, सराय छोटू गांव और पूरे क्षेत्र के लोगों में भारी उत्साह व खुशी का माहौल है।