मुगलसराय में नगरपालिका में सफाई के दौरान हादसा: स्विच ऑन-ऑफ करते वक्त करंट की चपेट में आए राजेश, अस्पताल पहुंचने से पहले दम तोड़ा

चंदौली के मुगलसराय में नगरपालिका की पानी की टंकी सफाई के दौरान बड़ा हादसा हो गया। करंट की चपेट में आने से 45 वर्षीय मजदूर राजेश कुमार की अस्पताल पहुंचने से पहले ही मौत हो गई। परिजनों में कोहराम मचा है।

 

पानी की टंकी सफाई के दौरान हादसा

करंट लगने से मजदूर की दर्दनाक मौत

अलीनगर के सदलपुरा गांव निवासी थे राजेश

अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम

पुलिस कर रही पूरे मामले की जांच

चंदौली जिले के मुगलसराय थाना क्षेत्र में एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहां नगरपालिका की पानी की टंकी की सफाई करने गए 45 वर्षीय मजदूर राजेश कुमार की करंट लगने से मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

है।

स्विच ऑन-ऑफ करने गए थे
मृतक राजेश कुमार अलीनगर थाना क्षेत्र के ग्राम सदलपुरा (घुड़सार) के रहने वाले थे। वे नगरपालिका के एक ठेकेदार के तहत मजदूरी का काम करते थे। परिजनों के मुताबिक, टंकी की सफाई के दौरान राजेश कुमार बिजली का स्विच ऑन-ऑफ करने के लिए गए थे। इसी दौरान वे अचानक चालू बिजली के तारों के संपर्क में आ गए और करंट का तेज झटका लगने से वहीं टंकी पर गिर पड़े।

बड़े भाई ने दी घर पर सूचना
घटना के समय मृतक राजेश के बड़े भाई भी उनके साथ ही काम कर रहे थे। उन्होंने तुरंत फोन करके घर वालों को हादसे की जानकारी दी। सूचना मिलते ही बदहवास परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे और सहकर्मियों की मदद से राजेश को इलाज के लिए राजकीय अस्पताल ले गए।

पानी की टंकी सफाई के दौरान हादसा

करंट लगने से मजदूर की दर्दनाक मौत

अलीनगर के सदलपुरा गांव निवासी थे राजेश

अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम

पुलिस कर रही पूरे मामले की जांच@chandaulipolice @mughalsaraicdi @IgRangeVaranasi pic.twitter.com/4MdEmlmG2E

— Chandauli Samachar (@chandaulinews) August 9, 2026


डॉक्टर ने घोषित किया 'ब्रॉट डेड', पुलिस जांच में जुटी
सकलडीहा सीएचसी (CHC) के डॉक्टर देवेश कुमार पांडेय ने बताया कि राजेश कुमार को जब अस्पताल लाया गया, तब तक उनकी सांसें थम चुकी थीं। उन्हें 'ब्रॉट डेड' घोषित कर दिया गया और घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही कुढ़ा बाजार चौकी इंचार्ज विजय राज राजकीय महिला अस्पताल पहुंचे और मामले की तफ्तीश शुरू की। पुलिस का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है, जिसकी रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।