चंदौली में आशु विश्वकर्मा की मौत पर बवाल, एलएसपी ने उठाई न्याय और मुआवजे की मांग
संदिग्ध परिस्थितियों में मिली आशु विश्वकर्मा की लाश
सरने गांव पहुँचे एलएसपी जिलाध्यक्ष भोला विश्वकर्मा
पीड़ित परिवार से की मुलाकात
परिवार के लिए 20 लाख मुआवजे की मांग
चंदौली जिले में लोकजन सोशलिस्ट पार्टी (एलएसपी) का प्रतिनिधिमंडल बुधवार को नियामताबाद ब्लॉक के सरने गांव पहुँचा और संदिग्ध परिस्थितियों में मृत मिले आशु विश्वकर्मा के परिवार से मुलाकात की। जिलाध्यक्ष भोला विश्वकर्मा के नेतृत्व में पहुँचे कार्यकर्ताओं ने परिजनों को ढांढस बंधाते हुए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया।
पुलिस पर ढीली कार्यवाही का आरोप
प्रतिनिधिमंडल ने आरोप लगाया कि पुलिस अब तक आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई नहीं कर सकी है। कहा कि अपराध का ग्राफ लगातार बढ़ रहा है और पुलिस अपराधियों पर शिकंजा कसने में नाकाम साबित हो रही है।
धरना-प्रदर्शन की चेतावनी
संगठन ने चेतावनी दी कि अगर पीड़ित परिवार को जल्द न्याय नहीं मिला तो बड़े पैमाने पर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
मुआवजा और नौकरी की मांग
एलएसपी जिलाध्यक्ष ने मृतक के परिवार के लिए 20 लाख रुपये का मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि आशु विश्वकर्मा की मौत के बाद परिवार आर्थिक संकट में आ गया है।
मौके पर रहे मौजूद
इस दौरान जिला उपाध्यक्ष नीरज विश्वकर्मा, ओमप्रकाश विश्वकर्मा, नारद विश्वकर्मा, रामलखन विश्वकर्मा, संतोष विश्वकर्मा, राहुल विश्वकर्मा, हिमांशु सहित दर्जनों लोग उपस्थित रहे।