महिला थाना पुलिस ने अब तक मिलाए 211 परिवार, आज 4 परिवारों को जोड़ा
 

महिला थाना व परिवार परामर्श केन्द्र से दम्पति के बीच पारिवारिक विवाद को समाप्त कराते हुये टूटते हुये रिश्ते को बचाते हुये पति-पत्नी को परिजनों के साथ राजी खुशी भेजा गया।
 

थानाध्यक्ष प्रियंका सिंह की सफल कोशिश जारी

एक होते जा रहे हैं टूटे व बिखरे परिवार

4 बिछड़े दम्पत्तियों को पुनः एक साथ रखने की कोशिश

चंदौली जिले में कानून व्यवस्था को मजबूत करने के साथ ही खाकी कर रही रिश्तों को भी मजबूत करने की ओर पहल कर रही है। छोटी मोटी बातों व गलतफहमियों के कारण अलग हुए दम्पत्तियों को महिला थाना पुलिस द्वारा लगातार समझा-बुझाकर एक कराया जा रहा है। महिला थाना व परिवार परामर्श केन्द्र द्वारा इस साल में अब तक 211 परिवारों को मिलाने की सफल कोशिश की गयी है।

महिला थाना पुलिस व पुलिस के परिवार परामर्श केन्द्र के अथक प्रयास से एक बार फिर से 4 बिछड़े दम्पत्तियों को पुनः एक साथ रहने के लिए राजी कर लिया गया।

चंदौली जिले के एसपी डॉ. अनिल कुमार  के निर्देशानुसार  महिला थाना व परिवार परामर्श केन्द्र द्वारा बिछड़े दम्पतियों को मिलाकर एक परिवार के बीच पुनः खुशियां लौटाने का लगातार सार्थक प्रयास किया किया जा रहा है। आज दिनांक 11 जून 2024 को ऐसे ही 4 परिवार से पति व परिजनों के विरुद्ध पारिवारिक विवाद के सम्बन्ध में दिये गये प्रार्थना पत्रों पर दोनों पक्षों को जरिये नोटिस व मोबाइल द्वारा सूचित कर महिला थाना व परिवार परामर्श केन्द्र पर बुलाकर पारिवारिक मूल्यों एंव महत्व को बताते हुए अथक प्रयास से समझाया बुझाया गया।

इसके बाद दोनों पक्ष आपसी सहमति एवं बिना किसी जोर दबाव के अपनी बीती हुई बातों व गलतियों को स्वीकार कर नये सिरे से पुनः पति-पत्नी की तरह एक दूसरे का सम्मान करते हुये रहने को तैयार हुये। महिला थाना व परिवार परामर्श केन्द्र से दम्पति के बीच पारिवारिक विवाद को समाप्त कराते हुये टूटते हुये रिश्ते को बचाते हुये पति-पत्नी को परिजनों के साथ राजी खुशी भेजा गया।

इस बारे में महिला थाने की थानाध्यक्ष प्रियंका सिंह ने बताया कि महिला थाना व परिवार परामर्श केन्द्र के अथक प्रयास  द्वारा वर्ष 2024 में  कुल 211 परिवारों को मिलाने की सफल कोशिश की गयी है। टूट और बिखर रहे परिवारों को जोड़ने से बहुत खुशी मिलती है और परिवार बिखरने से बच जाता है।