मुगलसराय शहर को जाम मुक्त बनाने की पहल, सड़कों ठेला-खोमाचा लगाकर कब्जा करने वालों पर एक्शन

मुगलसराय को जाम मुक्त और सुव्यवस्थित बनाने के लिए पुलिस ने 'अतिक्रमण हटाओ' अभियान तेज कर दिया है। मुख्य बाजारों और जीटी रोड से अवैध कब्जे हटाकर दुकानदारों को सख्त चेतावनी जारी की गई है।
 

मुगलसराय पुलिस का अतिक्रमण हटाओ अभियान

सड़कों से हटाया गया अवैध कब्जा

यातायात व्यवस्था सुगम बनाने की पहल

अवैध कब्जेदारों को पुलिस की चेतावनी

जाम मुक्त शहर बनाने का संकल्प

मुगलसराय को जाम मुक्त शहर के लिए पुलिस का 'अतिक्रमण हटाओ' अभियान, सड़के की पटरी के कब्जेदारों पर सख्त कार्रवाई

 चन्दौली जनपद के मुगलसराय शहर की यातायात व्यवस्था को पटरी पर लाने और सुव्यवस्थित बनाने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सख्त हो गया है। उच्चाधिकारियों के निर्देशानुसार, थाना मुगलसराय की पुलिस टीम ने शहर के मुख्य बाजारों, जीटी रोड और व्यस्त चौराहों पर सघन 'अतिक्रमण हटाओ' अभियान चलाया।

अवैध कब्जेदारों पर कड़ा प्रहार
अभियान के दौरान पुलिस ने सड़कों के किनारे किए गए अवैध कब्जों को सख्ती के साथ हटवाया। सड़कों पर खड़े अनाधिकृत ठेले-खोमचे और दुकानों के बाहर सामान फैलाकर अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ पुलिस ने कड़ा रुख अपनाया। इस दौरान यातायात को बाधित करने वाले वाहनों को भी हटवाया गया। पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध कब्जेदारों में हड़कंप मचा हुआ है। ज्ञात हो कि इस अभियान के क्रम में थाना पुलिस द्वारा अब तक 02 अभियोग पंजीकृत करते हुए 03 अभियुक्तों के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा चुकी है।

सख्त चेतावनी और यातायात में सुधार
पुलिस ने सार्वजनिक मार्गों पर अवरोध उत्पन्न करने वाले दुकानदारों एवं वाहन स्वामियों को सख्त हिदायत दी है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि भविष्य में अतिक्रमण की पुनरावृत्ति पाई गई, तो विधिक कार्रवाई के साथ-साथ भारी जुर्माना भी वसूला जाएगा। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य पैदल राहगीरों और वाहन चालकों के लिए सुगम रास्ता प्रदान करना है ताकि शहर को जाम की समस्या से पूरी तरह निजात दिलाई जा सके।

आम जनमानस से सहयोग की अपील
मुगलसराय पुलिस ने नगरवासियों और सम्मानित व्यापारियों से अपील की है कि शहर को स्वच्छ और जाम मुक्त बनाने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करें। सड़कों पर अतिक्रमण न करें और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करें। पुलिस जनता की सेवा और सुरक्षा के लिए सदैव तत्पर है।