पेट्रोल पंप के पास बुजुर्ग पर चाकू चलाने वाला हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार, लंबा चौड़ा है इसका क्रिमिनल रिकॉर्ड

 

चन्दौली की मुगलसराय थाना पुलिस ने गुरुद्वारे के पास एक बुजुर्ग पर जानलेवा चाकूबाजी करने वाले शातिर हिस्ट्रीशीटर राकेश कुमार गिरी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के पास से वारदात में इस्तेमाल खून से सना चाकू भी बरामद किया है।

 
 

मुगलसराय पुलिस ने पकड़ा शातिर अपराधी

हमले में प्रयुक्त रक्तरंजित चाकू बरामद

बीएचयू ट्रामा सेंटर में चल रहा इलाज

अभियुक्त का पुराना लंबा आपराधिक इतिहास

बीएनएस की नई धाराओं में केस दर्ज

चंदौली जिले की मुगलसराय थाना पुलिस को कानून व्यवस्था बनाए रखने की दिशा में एक बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने मुन्नका प्रसाद गुप्ता नामक बुजुर्ग पर जान से मारने की नीयत से चाकू से हमला करने वाले शातिर हिस्ट्रीशीटर को दबोच लिया है। पुलिस ने पकड़े गए अपराधी के पास से वारदात में इस्तेमाल किया गया अवैध और खून से सना हुआ चाकू भी बरामद कर लिया है।

पेट्रोल पंप के पास हुआ था जानलेवा हमला
घटना के संबंध में कैलाशपुरी महमूदपुर के रहने वाले राम लखन गुप्ता ने पुलिस को सूचना दी थी। उन्होंने बताया कि 2 जून 2026 की रात गुरुद्वारे के आगे पेट्रोल पंप के पास उनके पिता मुन्नका प्रसाद गुप्ता पर आरोपी राकेश कुमार गिरी ने अचानक चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस हमले में बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनका इलाज फिलहाल वाराणसी के बीएचयू ट्रामा सेंटर में चल रहा है। इस तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।

काली मंदिर मोड़ के पास से हुई गिरफ्तारी
चन्दौली के उच्चाधिकारियों के निर्देश पर मुगलसराय के थाना प्रभारी विजय प्रताप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम लगातार आरोपी की तलाश में जुटी थी। इसी बीच मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने रविनगर काली मंदिर मोड़ के पास घेराबंदी करके आरोपी राकेश कुमार गिरी उर्फ विजय गिरी (उम्र करीब 62 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से रक्तरंजित चाकू मिलने के बाद मामले में आर्म्स एक्ट की धारा भी बढ़ाई गई है।

आरोपी का है पुराना आपराधिक इतिहास
पूछताछ में आरोपी ने कुबूल किया कि वह मुगलसराय थाने का ही हिस्ट्रीशीटर है और उसका कैलाशपुरी क्षेत्र में विवाद चल रहा था। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी के खिलाफ साल 2006 और 2007 से ही हत्या के प्रयास (धारा 307) और गुंडा एक्ट जैसी गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। वह लगातार पुलिस से बचने के लिए इधर-उधर छिप रहा था।

गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम
इस शातिर अपराधी को सलाखों के पीछे पहुंचाने में थानाध्यक्ष विजय प्रताप सिंह, उपनिरीक्षक विजय राज, उपनिरीक्षक सुभाष प्रसाद, कांस्टेबल राहुल कुमार यादव और कांस्टेबल संजीव कुमार पटेल की मुख्य भूमिका रही है। पुलिस अब आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी विधिक कार्रवाई कर रही है।a