मुगलसराय स्टेशन के पास घेराबंदी कर पकड़ा गया इनामी लुटेरा, पुलिस ने 2300 रुपये और बाइक की सीज

 

मुगलसराय व स्वाट/सर्विलांस पुलिस टीम ने सेल्समैन से हुई लूट के मामले में फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश आकाश यादव को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के पास से नगदी बरामद कर विधिक कार्रवाई की।

 
 

25 हजार का इनामी लुटेरा गिरफ्तार

मुगलसराय और स्वाट पुलिस की कार्रवाई

सेल्समैन से हुई लूट का खुलासा

रेलवे स्टेशन के पास हुई घेराबंदी

लूट के पैसों में से नगदी बरामद

चंदौली जिले के थाना मुगलसराय क्षेत्र अंतर्गत 21 मई 2026 को लूट की एक बड़ी वारदात सामने आई थी। वाराणसी के जतनबर स्थित शक्ति इंटरप्राइजेज फर्म का सेल्समैन पड़ाव से बहादुरपुर क्षेत्र की दुकानों से कलेक्शन कर मोपेड से वापस लौट रहा था। इसी दौरान ग्राम चौरहट के पास दो मोटरसाइकिलों पर सवार 5 अज्ञात बदमाशों ने उसे धक्का देकर गिरा दिया और नगदी से भरा बैग लूटकर फरार हो गए। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने बीएनएस की धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।

25 हजार का इनाम था घोषित, 5 आरोपी पहले ही जेल बंद
विवेचना के दौरान घटना में शामिल बदमाशों के नाम सामने आए थे, जिनमें से 5 आरोपियों को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। मामले में वांछित चल रहे आरोपी आकाश यादव की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक द्वारा 25,000 रुपये का इनाम घोषित किया गया था। पुलिस की स्वाट, सर्विलांस और स्थानीय पुलिस टीम लगातार आरोपी की तलाश में जुटी हुई थी।

मुगलसराय रेलवे स्टेशन के पास से घेराबंदी कर पकड़ा
2 अगस्त 2026 को थानाध्यक्ष मुगलसराय विजय प्रताप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम फायर स्टेशन के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि 25 हजार का इनामी बदमाश आकाश यादव किसी साथी से मिलने मुगलसराय रेलवे स्टेशन आया है। पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। जब स्टेशन की तरफ से आ रही एक बाइक को रोकने का इशारा किया गया, तो चाल भागने लगा। पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को दबोच लिया।

लूट का हिस्सा मिलने की बात कबूली, बाइक सीज
गिरफ्तार आरोपी की पहचान आकाश यादव पुत्र शिवशंकर यादव (निवासी सराय नन्दन खोजवा, भेलूपुर, वाराणसी) के रूप में हुई। तलाशी में उसके पास से लूट के पैसों में से बचे 2,300 रुपये नगद मिले। आरोपी के पास गाड़ी के वैध दस्तावेज न होने पर पुलिस ने एमवी एक्ट के तहत मोटरसाइकिल को सीज कर दिया। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि लूट की रकम में से उसे अपने हिस्से के 17,000 रुपये मिले थे, जिनमें से बाकी पैसे खर्च हो चुके हैं और केवल 2,300 रुपये ही बचे थे। पुलिस अब आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।