मुगलसराय विधानसभा में रक्षाबंधन पर बहनों से किया वादा निभाया, अमोघपुर में डॉ. KN पाण्डेय ने बांटे हेल्थ कार्ड
मुगलसराय विधानसभा के अमोघपुर में वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ. कृष्णानंद पाण्डेय ने रक्षाबंधन पर बहनों से किए वादे के तहत हेल्थ कार्ड बांटे। उन्होंने 50 हजार हेल्थ कार्ड बनवाकर निःशुल्क स्वास्थ्य सेवा देने का संकल्प लिया। बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल हुईं।
अमोघपुर में डॉ. कृष्णानंद पाण्डेय ने महिलाओं को हेल्थ कार्ड वितरित किए
रक्षाबंधन पर बहनों से किए गए वादे को निभाते हुए किया कार्यक्रम
मुगलसराय विधानसभा में 50 हजार हेल्थ कार्ड बनवाने का लिया संकल्प
बोले- आर्थिक अभाव में कोई बहन उपचार से वंचित न रहे, यही उद्देश्य
बहनें परिवार और समाज की मजबूत आधारशिला, स्वास्थ्य और सम्मान जरूरी
चंदौली जिले के मुगलसराय विधानसभा में रक्षाबंधन के अवसर पर क्षेत्र की बहनों से किए गए वादे को आगे बढ़ाते हुए, वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ. कृष्णानंद पाण्डेय ने अमोघपुर में आयोजित कार्यक्रम में महिलाओं को हेल्थ कार्ड वितरित किए। इस दौरान बड़ी संख्या में क्षेत्र की महिलाओं ने कार्यक्रम में सहभागिता की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. कृष्णानंद पाण्डेय ने कहा कि बहनें परिवार और समाज की मजबूत आधारशिला हैं। वह अपने स्नेह, संस्कार और जिम्मेदारियों के माध्यम से परिवार को मजबूती प्रदान करने के साथ ही दो परिवारों को जोड़ने का कार्य करती हैं। ऐसे में उनके स्वास्थ्य और सम्मान की चिंता करना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन के अवसर पर बहनों को हेल्थ कार्ड उपलब्ध कराने तथा उनके स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों में सहयोग करने का संकल्प लिया गया था। उसी संकल्प के तहत अमोघपुर में हेल्थ कार्ड का वितरण किया गया है।
डॉ. पाण्डेय ने कहा कि यदि भविष्य में उन्हें मुगलसराय विधानसभा क्षेत्र की सेवा करने का अवसर मिलता है तो इस अभियान को व्यापक रूप दिया जाएगा। उनका प्रयास होगा कि विधानसभा क्षेत्र में करीब 50 हजार हेल्थ कार्ड बनवाए जाएं, जिससे क्षेत्र की बहनों को निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि आर्थिक अभाव के कारण किसी जरूरतमंद महिला को उपचार से वंचित न होना पड़े, यही इस पहल का उद्देश्य है।
डॉ. पाण्डेय ने कहा कि आज भी कई परिवारों में महिलाएं अपने स्वास्थ्य को लेकर जागरूक नहीं हैं या पैसे की कमी के कारण इलाज नहीं करा पाती हैं। हेल्थ कार्ड के जरिए उन्हें समय पर जांच और उपचार मिल सकेगा।
उन्होंने कहा कि बहनों का स्नेह और विश्वास उनके लिए अमूल्य है। स्वास्थ्य, सम्मान और जनहित से जुड़े मुद्दों पर वह निरंतर उनके साथ खड़े रहेंगे। कार्यक्रम में हेल्थ कार्ड प्राप्त करने वाली महिलाओं ने पहल पर प्रसन्नता व्यक्त की। महिलाओं ने कहा कि इस तरह की पहल से उन्हें काफी मदद मिलेगी।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे।