चंधासी पेट्रोल पंप के पास मिली मनोज शर्मा की लाश, मौत के कारणों की जांच में जुटी मुगलसराय पुलिस
चंदौली के मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र में चंधासी पेट्रोल पंप के पास 44 वर्षीय नाई मनोज शर्मा का शव संदिग्ध हालात में मिला है। शरीर पर चोट के निशान मिलने के बाद पुलिस हादसे और अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
चंधासी में मिला नाई का शव
शहाबगंज के पालपुर के निवासी
क्षतिग्रस्त ऑटो को लिया कब्जे में
शरीर पर मिले चोट के निशान
दोस्तों संग पी रहा था शराब
चंधासी में मिला नाई का शव उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। । मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के चंधासी पेट्रोल पंप के पास रविवार सुबह एक नाई का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर तुरंत पहुंची मुगलसराय कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया और मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।
मृतक की हुई पहचान पुलिस जांच के दौरान मृतक की पहचान 44 वर्षीय मनोज शर्मा के रूप में हुई है। मनोज शर्मा पुत्र मार्कंडेय, शहाबगंज थाना क्षेत्र के पालपुर गांव के रहने वाले थे। वे चंधासी में अपने रिश्ते के जीजा के भाई अनिल शर्मा के साथ नाई का काम करते थे। रोज की तरह काम करने वाले मनोज रविवार सुबह दुकान पर नहीं पहुंचे थे।
दोस्तों संग शराब पीने की बात आई सामने
शुरुआती जांच-पड़ताल में पुलिस को जानकारी मिली है कि मनोज शनिवार को अपने तीन दोस्तों के साथ शराब पी रहे थे। शराब पीने के बाद वे काफी देर तक इलाके में इधर-उधर घूमते रहे थे। इसके बाद रविवार की सुबह चंधासी पेट्रोल पंप के पास उनका शव मिला, जिससे आसपास के इलाके में सनसनी फैल गई।
फिलहाल सड़क हादसे की आशंका
घटनास्थल की स्थिति और मृतक के शरीर पर मिले चोट के निशानों को देखकर पहली नज़र में सड़क दुर्घटना की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने इस मामले में दुर्घटना में क्षतिग्रस्त बताए जा रहे एक ऑटो को अपने कब्जे में लेकर थाने पहुंचा दिया है। इसके साथ ही पुलिस अन्य सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की छानबीन कर रही है।
साथियों से पूछताछ के साथ-साथ कानूनी कार्रवाई जारी
मुगलसराय कोतवाली प्रभारी अर्जुन सिंह ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना से पहले की परिस्थितियों को समझने के लिए मृतक के साथ मौजूद रहे लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की असली वजह साफ हो सकेगी।