मुगलसराय में चल रहा है बाबा का बुलडोजर: मछली मंडी से सपा कार्यालय तक PWD की जमीन से हटा रहा है अवैध कब्जा

पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय) में प्रशासन ने अतिक्रमण के खिलाफ युद्ध स्तर पर अभियान चलाकर मछली मंडी से सपा कार्यालय तक पीडब्ल्यूडी की भूमि को मुक्त कराया। बुलडोजर एक्शन से अवैध कब्जाधारियों में हड़कंप मच गया और पूरे क्षेत्र में भारी फोर्स तैनात रही।

 

मुगलसराय में पीडब्ल्यूडी की जमीन पर अवैध निर्माण ध्वस्त

मछली मंडी से सपा कार्यालय तक चला महा-अभियान

एसडीएम, ईओ और सीओ की मौजूदगी में कड़ा एक्शन

अतिक्रमण हटने से स्थानीय लोगों को जाम से राहत

भारी पुलिस बल और फायर ब्रिगेड की टीम रही मुस्तैद

दौली जिले के पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय) में सरकारी जमीनों को कब्जा मुक्त कराने के लिए प्रशासन ने कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है। गुरुवार को पीडब्ल्यूडी की जमीन पर वर्षों से जमे अवैध अतिक्रमण को हटाने के लिए प्रशासन का बुलडोजर जमकर गरजा। यह कार्रवाई मछली मंडी से लेकर समाजवादी पार्टी के कार्यालय तक की गई। जैसे ही प्रशासन की जेसीबी मशीनें मौके पर पहुँचीं, अवैध कब्जा करने वालों में हड़कंप मच गया और पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

अधिकारियों की मौजूदगी में सुबह से शुरू हुआ एक्शन
अतिक्रमण विरोधी यह महा-अभियान एसडीएम अनुपम मिश्रा के सीधे नेतृत्व में संचालित किया गया। कार्रवाई के दौरान नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी (EO) राजीव मोहन सक्सैना, पुलिस क्षेत्राधिकारी (CO) अरुण कुमार सिंह और मुगलसराय थाना प्रभारी विजय प्रताप सिंह अपनी पूरी टीम के साथ डटे रहे। प्रशासन ने सुबह से ही चिन्हित स्थानों पर ध्वस्तीकरण शुरू कर दिया। किसी भी अप्रिय घटना या विरोध की स्थिति से निपटने के लिए भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी। सुरक्षा के मद्देनजर फायर ब्रिगेड की टीम को भी मौके पर अलर्ट मोड में रखा गया था।

मछली मंडी से सपा कार्यालय तक हटाया गया कब्जा
प्रशासनिक टीम ने सड़क किनारे पीडब्ल्यूडी की बेशकीमती जमीन पर बने अस्थायी ढांचों, टीनशेडों और अवैध दुकानों को पूरी तरह जमींदोज कर दिया। एसडीएम अनुपम मिश्रा ने मीडिया को बताया कि सरकारी जमीन पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा स्वीकार्य नहीं है। लंबे समय से इन अवैध निर्माणों के कारण यातायात बाधित हो रहा था और क्षेत्र में जाम की समस्या बनी रहती थी। इसके साथ ही ये अतिक्रमण विकास कार्यों में भी बड़ी बाधा बन रहे थे, जिन्हें हटाना जनहित में अनिवार्य था।

स्थानीय लोगों ने की सराहना, भविष्य में भी जारी रहेगी कार्रवाई
जैसे ही बुलडोजर ने अवैध निर्माणों को गिराना शुरू किया, कई कब्जाधारियों ने खुद ही अपना सामान समेटना शुरू कर दिया ताकि नुकसान को कम किया जा सके। हालाँकि, कुछ स्थानों पर हल्की नोकझोंक और बहस की स्थिति भी देखी गई, लेकिन भारी पुलिस बल के सामने किसी की एक न चली। अतिक्रमण हटने के बाद स्थानीय नागरिकों और राहगीरों ने प्रशासन के इस कदम का स्वागत किया है।

 लोगों का कहना है कि सड़क के दोनों ओर से कब्जे हटने के बाद अब बाजार व्यवस्थित दिखेगा और जाम से मुक्ति मिलेगी। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि यह अभियान अभी थमा नहीं है और शहर के अन्य चिन्हित स्थानों पर भी जल्द ही बुलडोजर की कार्रवाई की जाएगी।