मुगलसराय के दुल्हीपुर में क्रिकेट मैच के दौरान खूनी खेल; बॉलिंग के विवाद में युवक पर बैट-स्टंप से हमला

 

चंदौली के दुल्हीपुर क्षेत्र में क्रिकेट मैच के दौरान बॉलिंग को लेकर हुआ विवाद हिंसक हो गया। विपक्षी टीम के लोगों ने एक युवक पर बैट-स्टंप से जानलेवा हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

 
 

क्रिकेट मैच में बॉलिंग पर विवाद

बैट और स्टंप से जानलेवा हमला

दुल्हीपुर के बहादुर चौहान गंभीर घायल

जिला अस्पताल चंदौली किया गया रेफर

थाना प्रभारी विजय प्रताप सिंह का एक्शन

चंदौली जिले के मुगलसराय कोतवाली अंतर्गत दुल्हीपुर क्षेत्र में खेल के मैदान पर एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक स्थानीय क्रिकेट मैच के दौरान बॉलिंग करने को लेकर दो टीमों के खिलाड़ियों के बीच शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते खूनी मारपीट में बदल गया। विपक्षी टीम की ओर से कुछ दबंगों ने एक युवक पर खेल के बैट और स्टंप से ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे मैदान पर अफरा-तफरी मच गई। इस हिंसक हमले में युवक लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा।

बैट-स्टंप के हमले से बहादुर का फटा सिर, आरोपियों ने दी धमकी
प्राप्त जानकारी के अनुसार, इस जानलेवा हमले में गंभीर रूप से घायल युवक की पहचान 25 वर्षीय बहादुर चौहान (पुत्र घूरन चौहान, निवासी दुल्हीपुर महावलपुर) के रूप में हुई है। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि मैच के दौरान हुई कहासुनी के बाद बाबर कुरैशी, दरोगा कुरैशी, अकसर कुरैशी और पप्पन कुरैशी समेत अन्य लोगों ने आपा खो दिया और बहादुर पर भारी बैट व स्टंप से वार कर दिया। हमले में उसके सिर और हाथ में गंभीर चोटें आईं। आरोपियों ने भागते समय पुलिसिया कार्रवाई करने पर भुगतने की धमकी भी दी।

जिला अस्पताल रेफर, थाना प्रभारी ने कहा- मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई जारी
घायल बहादुर चौहान को तत्काल राजकीय महिला चिकित्सालय मुगलसराय ले जाया गया। आपातकालीन ड्यूटी पर तैनात डॉ. एस.के. चतुर्वेदी ने बताया कि मंगलवार रात करीब 11 बजे युवक घायल अवस्था में आया था, जिसके सिर पर गहरा जख्म होने के कारण टांके लगाए गए और बेहतर इलाज के लिए पंडित कमलापति त्रिपाठी संयुक्त जिला चिकित्सालय चंदौली रेफर कर दिया गया। इस संबंध में मुगलसराय थाना प्रभारी विजय प्रताप सिंह ने बताया कि बुधवार सुबह पीड़ित पक्ष से लिखित तहरीर प्राप्त हुई है, जिसके आधार पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।