मुगलसराय में सनसनीखेज फायरिंग: सहजौर में ताबड़तोड़ गोलियों की गूँज, चार युवक घायल, ट्रॉमा सेंटर रेफर
चंदौली के मुगलसराय में रुपयों के लेनदेन को लेकर हुई मामूली कहासुनी के बाद एक युवक ने चार लोगों पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। सभी घायल वाराणसी ट्रामा सेंटर में भर्ती हैं, जबकि पुलिस आरोपी की तलाश में जगह-जगह दबिश दे रही है।
मुगलसराय के सहजौर में भीषण फायरिंग
रुपयों के लेनदेन का खूनी विवाद
चार युवक गोली लगने से घायल
आरोपी सत्य प्रकाश सिंह हुआ फरार
वाराणसी ट्रामा सेंटर में उपचार जारी
चंदौली जिले के मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के सहजौर गांव में शनिवार देर रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहाँ वाराणसी-चंदौली रिंग रोड के समीप रुपयों के लेनदेन को लेकर दो पक्षों के बीच शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते खूनी संघर्ष में तब्दील हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, रात करीब 9 से 10:30 बजे के बीच सहजौर निवासी सत्य प्रकाश सिंह उर्फ चुन्नू सिंह का दूसरे पक्ष से विवाद हुआ, जिसके बाद उसने अपना आपा खो दिया और असलहा निकालकर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। इस अचानक हुए हमले से रिंग रोड पर अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-बदल भागने लगे।
घायलों का कराया जा रहा है इलाज
इस गोलीबारी में चार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिनकी पहचान सोनू यादव, रामकुमार यादव, अक्षय यादव और कृष्णा यादव के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, पुरवा गांव निवासी गोलू यादव (26), जो अपने मामा के यहाँ रहता था, उसका चुन्नू सिंह से विवाद हुआ था। बीच-बचाव करने आए अन्य साथियों को भी गोलियां लग गईं।
लोगों का कहना है कि घायलों में से तीन के सीने में और एक के जांघ में गोली लगी है। छेमिया गांव निवासी सोनू यादव की हालत नाजुक बताई जा रही है क्योंकि गोली उसके पेट में लगी है। सभी घायलों को तत्काल वाराणसी ट्रॉमा सेंटर भेजा गया है, जहाँ विशेषज्ञ डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है।
गोली चलाकर फरार होने वाले आरोपी की तलाश
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक (SP) आदित्य लांग्हे, अपर पुलिस अधीक्षक और सीओ पीडीडीयू नगर अरुण सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। सीओ अरुण सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में रुपयों के लेनदेन का पुराना विवाद इस घटना की मुख्य वजह बनकर उभरा है।
मौके से आरोपी सत्य प्रकाश सिंह वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार होने में सफल रहा। पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित की हैं, जो संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं। गांव और आसपास के क्षेत्रों में तनाव को देखते हुए एहतियातन पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए गश्त तेज कर दी गई है।