मुगलसराय और पड़ाव की सड़कों पर उतरे ASP, भारी पुलिस बल के साथ किया पैदल गश्त

 

चंदौली के मुगलसराय और पड़ाव इलाके में पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए पैदल गश्त की। एडिशनल एसपी ने खुद भारी पुलिस बल के साथ मुख्य बाजारों, चौराहों और बस स्टैंडों का जायजा लिया।

 
 

मुगलसराय में पुलिस का पैदल गश्त

एडिशनल एसपी ने संभाली खुद कमान

संदिग्ध वाहनों की हुई सघन चेकिंग

व्यापारियों से पुलिस ने किया संवाद

112 नंबर पर सूचना देने की अपील

 चंदौली जिले में कानून और शांति व्यवस्था को पूरी तरह चुस्त-दुरुस्त बनाए रखने के लिए पुलिस महकमा लगातार एक्शन मोड में नजर आ रहा है। आम जनता के मन में सुरक्षा की भावना को और ज्यादा मजबूत करने के लिए पुलिस अधीक्षक (SP) आकाश पटेल के निर्देश पर एक बड़ा अभियान चलाया गया।

इस अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी सदर) अनंत चंद्रशेखर ने खुद कमान संभाली। उन्होंने भारी पुलिस बल के साथ थाना मुगलसराय के अंतर्गत आने वाले मुगलसराय कस्बा और पड़ाव क्षेत्र की सड़कों पर उतरकर पैदल गश्त (फ्लैग मार्च) किया।

भीड़भाड़ वाले इलाकों की हुई बारीकी से जांच
पैदल गश्त के दौरान एडिशनल एसपी ने पुलिस टीम के साथ मुख्य बाजारों, सबसे ज्यादा भीड़भाड़ वाले इलाकों, बस स्टैंडों, मुख्य चौराहों, बड़े व्यापारिक प्रतिष्ठानों और संवेदनशील जगहों का बारीकी से निरीक्षण किया।

इस दौरान पुलिस ने चौराहों पर खड़े संदिग्ध लोगों और बिना नंबर की गाड़ियों की सघन चेकिंग की और उनसे पूछताछ की। इसके साथ ही पुलिस अधिकारियों ने स्थानीय दुकानदारों, व्यापारियों और राहगीरों से बातचीत कर उनका हालचाल जाना और उनकी समस्याओं की जानकारी ली।

अराजक तत्वों पर पैनी नजर रखने के कड़े निर्देश
एडिशनल एसपी सदर ने गश्त में मौजूद पुलिस अधिकारियों और हमराहियों को कड़े शब्दों में निर्देश दिए कि वे रोजाना शाम को बाजारों और सार्वजनिक जगहों पर अनिवार्य रूप से पैदल गश्त करें।

उन्होंने कहा कि समाज में अशांति फैलाने वाले अराजक और असामाजिक तत्वों पर पैनी नजर रखी जाए। कहीं भी कोई संदिग्ध गतिविधि दिखे, तो बिना समय गंवाए तुरंत सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने जनता से भी अपील की कि किसी भी संदिग्ध सामान या व्यक्ति की सूचना तुरंत नजदीकी पुलिस या आपातकालीन नंबर 112 पर दें।

गश्त के दौरान ये जिम्मेदार अधिकारी रहे मौजूद
इस पूरे पैदल मार्च के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को परखने और पुलिस का हौसला बढ़ाने के लिए क्षेत्र के कई बड़े अधिकारी जमीन पर डटे रहे। एडिशनल एसपी अनंत चंद्रशेखर के साथ मुख्य रूप से पीडीडीयू नगर के क्षेत्राधिकारी (CO) अरुण कुमार सिंह, मुगलसराय के थानाध्यक्ष विजय प्रताप सिंह समेत भारी संख्या में थाने के दरोगा, कांस्टेबल और महिला पुलिसकर्मी मौजूद रहे।