कबीरपुर गांव के बवाली अरेस्ट, तहसील व पुलिस की टीम पर हमला करने वाले 4 भाई और 3 महिलाएं गिरफ्तार
चंदौली के कबीरपुर गांव में हाईकोर्ट के आदेश पर जमीन नापने गई टीम पर हमला करने के मामले में मुगलसराय पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है। पुलिस ने एक ही परिवार के 4 पुरुषों और 3 महिलाओं समेत 7 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।
कबीरपुर जमीन विवाद में पुलिस का बड़ा एक्शन
4 सगे भाई और 3 महिलाएं की गईं गिरफ्तार
महिला सिपाही से छीना गया ओप्पो मोबाइल बरामद
सरकारी नपाई में इस्तेमाल होने वाली जरीब भी मिली
उपद्रवियों पर भारतीय न्याय संहिता के तहत कड़ा एक्शन
चंदौली जिले के मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के कबीरपुर गांव में शनिवार, 27 जून 2026 को हुए भीषण पथराव और सरकारी काम में बाधा डालने के मामले में पुलिस ने बहुत बड़ी कार्रवाई की है। दरअसल, माननीय उच्च न्यायालय (हाईकोर्ट) इलाहाबाद के आदेश पर राजस्व विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम कबीरपुर गांव में भूमि गाटा संख्या-11 की पैमाइश और सीमांकन (जमीन की नपाई) करने पहुँची थी। इसी दौरान वहां मौजूद कुछ लोगों ने काम रोकने के लिए टीम पर जानलेवा हमला बोल दिया था।
महिला सिपाही को पीटा और छीना मोबाइल
इस पूरे विवाद के दौरान जब वहां तैनात महिला आरक्षी (सिपाही) रिंसू सिंह ने अपने मोबाइल से इस पूरी घटना का वीडियो बनाना शुरू किया, तो उपद्रवी और उनके घरवाले बुरी तरह भड़क गए। आरोपियों ने कानून की धज्जियां उड़ाते हुए महिला सिपाही के साथ जमकर मारपीट की और उनका ओप्पो K-10 मोबाइल फोन छीन लिया। इसके बाद उपद्रवियों ने टीम पर अंधाधुंध ईंट-पत्थर चलाए, जिसमें तीन महिला सिपाही घायल हो गईं। हमलावरों ने नपाई में इस्तेमाल होने वाली लोहे की चेन (जरीब) भी छीन ली थी।
मुगलसराय पुलिस ने 7 आरोपियों को दबोचा
इस दुस्साहस के बाद राजस्व निरीक्षक वीर बहादुर की तहरीर पर मुगलसराय थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) और 7 सीएलए एक्ट की कई गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया गया। उच्चाधिकारियों के निर्देश पर थानाध्यक्ष विजय प्रताप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तुरंत जाल बिछाया और त्वरित कार्रवाई करते हुए कबीरपुर गांव से 4 पुरुषों और 3 महिलाओं समेत कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार होने वालों में सतीश, शिवम, सन्नी और सुशील शामिल हैं जो कि पप्पू सोनकर के बेटे हैं। इनके अलावा गीता देवी, नगीना कुमारी और सोनी को भी गिरफ्तार किया गया है।
लूटी गई जरीब और ओप्पो फोन बरामद
पुलिस ने जब पकड़े गए आरोपियों की तलाशी ली, तो इनके पास से लूटा गया सरकारी सामान भी मिल गया। मुख्य आरोपी पप्पू सोनकर के पास से सरकारी पैमाइश वाली लोहे की जरीब बरामद हुई है, जबकि अभियुक्ता सोनी देवी के कब्जे से महिला सिपाही से छीना गया ओप्पो मोबाइल फोन बरामद कर लिया गया है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, इस परिवार का पुराना आपराधिक इतिहास भी है और इनके खिलाफ पहले से भी मामले दर्ज हैं।
इस बड़ी कामयाबी को हासिल करने वाली टीम में थानाध्यक्ष विजय प्रताप सिंह के साथ उपनिरीक्षक सूरज कुमार, उपनिरीक्षक वीरेन्द्र सिंह, कांस्टेबल सुनील कुमार गुप्ता, हेड कांस्टेबल अरविन्द यादव, रिक्रूट कांस्टेबल निशान्त, महिला हेड कांस्टेबल वन्दना और महिला कांस्टेबल निशा शामिल रहीं। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार किए गए सभी सातों आरोपियों पर कानूनी कार्रवाई करते हुए जेल भेजा जा रहा है और इस घटना में शामिल बाकी बचे वांछित आरोपियों की तलाश में छापेमारी जारी है।