मोहर्रम को लेकर चंदौली पुलिस अलर्ट: मुगलसराय थाने में पीस कमेटी की बैठक, अफवाह फैलाने वालों को सख्त चेतावनी

 

चंदौली के मुगलसराय थाने में मोहर्रम त्योहार को शांतिपूर्ण ढंग से मनाने के लिए पीस कमेटी की बैठक हुई। पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल के निर्देश पर अधिकारियों ने ताजिया जुलूस के नियमों और सोशल मीडिया पर निगरानी को लेकर सख्त हिदायत दी।

 
 

मुगलसराय थाने में पीस कमेटी बैठक

ताजिया की ऊंचाई तय मानक अनुसार

नई परंपरा शुरू करने पर रोक

अफवाह फैलाने वालों पर होगी कार्रवाई

बिजली-सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश

चंदौली जिले में आगामी मोहर्रम त्योहार को शांति, आपसी भाईचारे और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल के कड़े निर्देश पर जिले के सभी थानों समेत मुगलसराय कोतवाली में पीस कमेटी की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में इलाके के तमाम धर्मगुरुओं, संभ्रांत नागरिकों और जनप्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।

ताजिया जुलूस के लिए तय हुए कड़े नियम
बैठक के दौरान उपजिलाधिकारी (SDM) और क्षेत्राधिकारी (CO) पीडीडीयू नगर ने लोगों से सीधा संवाद किया। अधिकारियों ने साफ शब्दों में कहा कि मोहर्रम पर निकलने वाले ताजिया जुलूस के लिए निर्धारित रूट का ही पालन करना होगा। प्रशासन की अनुमति के बिना किसी भी नए मार्ग या नई परंपरा की शुरुआत करने की इजाजत नहीं होगी। साथ ही, हादसे से बचने के लिए ताजिया की ऊंचाई भी प्रशासन द्वारा तय मानक के अनुसार ही रखने के निर्देश दिए गए हैं।

अफवाह फैलाने वालों की खैर नहीं
पुलिस प्रशासन ने सोशल मीडिया पर भ्रामक खबरें और अफवाह फैलाने वाले अराजक तत्वों को कड़ा अल्टीमेटम दिया है। बैठक में मौजूद लोगों से अपील की गई कि वे किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें। यदि क्षेत्र में कोई संदिग्ध व्यक्ति या गड़बड़ी दिखाई देती है, तो उसकी जानकारी तुरंत पुलिस को दें। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शांति व्यवस्था भंग करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ चंदौली पुलिस सख्त कानूनी और दंडात्मक कार्रवाई करेगी।

बिजली, पानी और साफ-सफाई के निर्देश
त्योहार के दौरान आम जनता को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए स्थानीय स्तर पर बिजली, पानी और साफ-सफाई जैसी मूलभूत सुविधाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए हैं। इसके लिए पुलिस विभाग अन्य सरकारी महकमों के साथ लगातार समन्वय बनाए हुए है। थाना प्रभारी को अपने-अपने इलाकों में चौबीसों घंटे गश्त बढ़ाने और हर गतिविधि पर पैनी नजर रखने के लिए पाबंद किया गया है, ताकि त्योहार पूरी शुचिता के साथ संपन्न हो सके।