मुगलसराय पुलिस की बड़ी स्ट्राइक: ट्रेलर में बने 'सीक्रेट केबिन' से 90 लाख का गांजा बरामद, दो अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार
थाना मुगलसराय पुलिस ने ट्रेलर के गुप्त केबिन में छिपाकर तस्करी किया जा रहा 184 किलो से अधिक अवैध गांजा बरामद किया है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत 90 लाख रुपये है। पुलिस ने बिहार के दो तस्करों को गिरफ्तार किया है।
ट्रेलर के मॉडिफाई गुप्त केबिन से गांजा बरामद
कुल 184 किलो 750 ग्राम अवैध गांजा जब्त
बिहार के दो अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार
पराग डेयरी के पास घेराबंदी कर पकड़ा गया वाहन
90 लाख रुपये आँकी गई बरामद मादक पदार्थ की कीमत
नशा माफिया पर मुगलसराय पुलिस का एक्शन, 90 लाख के गांजे के साथ बिहार के 2 तस्कर गिरफ्तार, ट्रेलर में गुप्त केबिन बनाकर की जा रही थी तस्करी
चंदौली जिले की मुगलसराय पुलिस ने नशा तस्करों के विरुद्ध एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक चंदौली के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस टीम ने एक ट्रेलर से भारी मात्रा में अवैध गांजा बरामद किया है। बरामद किए गए 184 किलो 750 ग्राम गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 90 लाख रुपये आंकी जा रही है। मुगलसराय पुलिस की इस कार्रवाई के बारे में जिले के अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन सतीश शुक्ला के द्वारा प्रेस कॉफ्रेंस करके सारे मामले की जानकारी दी गयी।
सूचना पर सक्रिय हुई पुलिस टीम ने पराग डेयरी के पास बैरियर लगाकर सघन चेकिंग शुरू की। तभी एक संदिग्ध सफेद रंग का ट्रेलर (संख्या JH02 BJ 9528) आता दिखाई दिया। पुलिस को देखकर चालक ने भागने का प्रयास किया, लेकिन टीम ने इंडस्ट्रियल एरिया रोड नंबर 7 पर घेराबंदी कर उसे दबोच लिया। जब वाहन की तलाशी ली गई, तो पुलिस के होश उड़ गए। ट्रेलर के डाले को मॉडिफाई कर उसमें गुप्त बॉक्स बनाए गए थे, जिनमें 8 बोरों में गांजा छिपाकर रखा गया था।
गिरफ्तार अभियुक्तों का विवरण
पुलिस ने मौके से दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है, जो मूल रूप से बिहार के निवासी हैं, जिनके बारे में और भी जानकारी पता की जा रही है....
1. अखिलेश कुमार (36 वर्ष): पुत्र स्व. कपिल सिंह, निवासी जनपद अरवल, बिहार (ड्राइवर)।
2. अरविन्द कुमार (42 वर्ष): पुत्र रामनरायन सिंह, निवासी जनपद अरवल, बिहार (खलासी)।
पूछताछ में तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश
गिरफ्तार अभियुक्तों ने पूछताछ में बताया कि वे लंबे समय से ट्रांसपोर्ट लाइन में काम कर रहे हैं। उन्हें बिहार के निवासी जग्गल उर्फ जितेन्द्र नामक व्यक्ति ने अधिक पैसे का लालच देकर यह खेप वाराणसी पहुँचाने का जिम्मा सौंपा था। तस्करों के मुताबिक, जग्गल ही पूरे नेटवर्क का संचालन करता है और फोन के माध्यम से निर्देश देता है कि माल कहाँ पहुँचाना है। पुलिस अब इस तस्करी नेटवर्क के मास्टरमाइंड की तलाश में जुट गई है।
इस सराहनीय कार्य में थानाध्यक्ष विजय प्रताप सिंह के नेतृत्व में चौकी प्रभारी सूरज कुमार, शिव पूजन बिन्द और स्वाट व सर्विलांस टीम के निरीक्षक रामजनम यादव सहित हेड कांस्टेबल अरविंद यादव, अभिषेक दुबे, आशुतोष सिंह और अन्य पुलिसकर्मियों की अहम भूमिका रही। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्यवाही शुरू कर दी है।