6 लेन सड़क आंदोलन पर पुलिस का कड़ा एक्शन: वकील संतोष पाठक के खिलाफ चार्जशीट दाखिल, कोर्ट में आज सुनवाई
मुगलसराय को जाम मुक्त और सुंदर बनाने के लिए 6 लेन सड़क की मांग करने वाले आंदोलनकारियों पर पुलिस ने शिकंजा कसा है। अधिवक्ता संतोष पाठक के खिलाफ कोर्ट में चार्जशीट दाखिल होने से हड़कंप मच गया है।
6 लेन सड़क आंदोलन पर केस
वकील संतोष पाठक पर चार्जशीट दाखिल
कोर्ट में आज होगी अहम सुनवाई
मुगलसराय को जाम मुक्त करने की मांग
चंदौली जिले के पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय) को सुंदर, स्वच्छ और जाम से पूरी तरह मुक्त कराने के लिए 6 लेन सड़क निर्माण की मांग कर रहे आंदोलनकारियों पर पुलिस का कड़ा शिकंजा कसा है। मुगलसराय थाने की पुलिस ने आंदोलन करने के 'उपहार स्वरूप' सिक्स लेन की मांग उठाने वालों के खिलाफ गंभीर धाराओं में आरोप पत्र (चार्जशीट) मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीजेएम) चंदौली के न्यायालय में दाखिल कर दिया है।
इस पूरे मामले की जानकारी खुद आंदोलन का नेतृत्व कर रहे वरिष्ठ अधिवक्ता संतोष पाठक ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर सार्वजनिक की है। उन्होंने बताया कि इस केस में आज गुरुवार को कोर्ट में बेहद अहम सुनवाई होनी है।
शहर की बेहतरी के लिए जेल जाने को भी तैयार: संतोष पाठक
अधिवक्ता संतोष पाठक ने स्थानीय विधायक रमेश जायसवाल पर भी सीधा निशाना साधा है। उन्होंने भावुक और कड़े शब्दों में कहा कि मुगलसराय की भलाई के लिए उन्होंने और उनके साथियों ने अपनी पूरी ताकत से दमदार आवाज उठाई है और आगे भी उठाते रहेंगे। चार्जशीट दाखिल होने के बाद उन्हें जेल जाने का पूरा खतरा सता रहा है।
उन्होंने साफ लहजे में कहा, "आज जेल जाना लगभग तय है, लेकिन मैं एक वकील हूं और किसी भी कार्रवाई से डरने वाला नहीं हूं। चाहे हमें फांसी पर ही क्यों न चढ़ा दिया जाए, हम पीछे नहीं हटेंगे। हम अपने नगर मुगलसराय को स्वच्छ, सुंदर और पूरी तरह से जाम मुक्त बनाकर ही दम लेंगे।" इस पोस्ट के बाद से ही शहर के जागरूक नागरिकों और आंदोलनकारियों के बीच चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया है।