मुगलसराय के तिनकोनिया पोखरा के पास मिली एक युवक की लाश, हाथ पर बने हैं टैटू 

 

चंदौली के मुगलसराय में रविवार दोपहर एक अज्ञात युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है और युवक की पहचान की कोशिशें जारी हैं।

 
 

तिनकोनिया पोखरा के पास मिला शव

नाई की गुमटी के पास हड़कंप

डायलय 112 पुलिस मौके पर पहुंची

युवक की नहीं हुई अभी शिनाख्त

हाथ पर बना है ओम का निशान

चंदौली जिले के मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ की यूरोपियन कॉलोनी स्थित तिनकोनिया पोखरा के पास रविवार दोपहर करीब 3 बजे एक अज्ञात युवक का शव मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। गुमटी में बाल-दाढ़ी बनाने वाले नाई किशन जब अपनी दुकान के पास गए, तो उन्होंने युवक को मृत अवस्था में पड़े देखा। देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई, जिसके बाद तुरंत डायल 112 पुलिस को सूचना दी गई।

मौके पर पहुंची पुलिस टीम
घटना की जानकारी मिलते ही डायल 112 के पुलिसकर्मी और रेलवे चौकी की पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ की। हालांकि, शुरुआती पूछताछ में मृतक के बारे में कोई भी ठोस जानकारी हाथ नहीं लग सकी। पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है।

शिनाख्त के लिए टैटू और कपड़ों का सहारा
पुलिस द्वारा शव की तलाशी लेने पर उसके पास से कोई भी पहचान पत्र, दस्तावेज, मोबाइल या अन्य सामान बरामद नहीं हुआ, जिससे उसकी पहचान  नहीं हो पाई है। मृतक की उम्र लगभग 36 वर्ष बताई जा रही है। उसने आसमानी रंग की टी-शर्ट और गहरे गुलाबी (पिंक) कलर का लोअर पहन रखा है। इसके साथ ही मृतक के दाहिने हाथ पर कांछी और बाएं हाथ पर 'ओम' का निशान (गोदना) बना हुआ है।

जांच में जुटी पुलिस
आसपास के स्थानीय लोगों का कहना है कि इस युवक को अक्सर दिनभर इसी इलाके में घूमते हुए देखा जाता था। फिलहाल पुलिस ने शव को अपने कब्जे में ले लिया है और कानूनी औपचारिकताएं पूरी करते हुए आगे की जरूरी कार्रवाई में जुट गई है। पुलिस आसपास के थानों में भी युवक की प्रोफाइल भेजकर उसकी पहचान स्थापित करने की कोशिश कर रही है।