सोनू किन्नर के साथ नोकझोंक के बाद नगर पालिका का 85.25 करोड़ का बजट पास, शहर के विकास कार्यों को मिलेगी रफ्तार
वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए नगर पालिका ने बजट किया पारित
सभासदों और ईओ के बीच बैठक में तीखी नोकझोंक
ईओ पर मनमानी और बिना अनुमति के कार्य करवाने का आरोप
चंदौली जिले के मुगलसराय में अधिशासी अधिकारी और सभासदों के बीच तकरार के साथ ही नगर पालिका बोर्ड की बुधवार को हुई बैठक में 85.25 करोड़ का बजट सर्वसम्मति से पास किया गया। बैठक में लेखा विभाग ने पिछले वित्तीय वर्ष में हुई आय और व्यय का ब्योरा पेश किया। उधर, एक सभासद ने ईओ पर मनमाने तरीके से कार्य करने का आरोप लगाया। इस पर उनके बीच तकरार हुई।
आपको बता दें कि बोर्ड की बैठक पिछले दिनों सभासदों की नाराजगी के कारण नहीं हो पाई थी। इसके बाद बुधवार को पुनः बैठक हुई। बैठक की शुरुआत में लेखा विभाग के लिपिक अरूण मिश्रा ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में अनुमानित आय और व्यय का विवरण प्रस्तुत किया।
इसमें अनुमानित आय 85 करोड़ 40 लाख 08 हजार और 85 करोड़ 25 लाख 87 हजार रुपये व्यय का बजट पेश किया गया। पिछले वित्तीय वर्ष में अनुमानित आय का लक्ष्य 84 करोड़ 22 लाख 34 हजार था, जिसके सापेक्ष 48 करोड़ 41 लाख 48 हजार 751 रुपये आय हुई। वहीं विकास कार्यों में 45 करोड़ 63 लाख 82 हजार 608 रुपये खर्च हुए।
सभासदों ने ईओ के प्रति जताई नाराजगी
बैठक में सभासद राजेश जायसवाल ईओ पर आरोप लगाया कि सभासदों से बिना पूछे ही 40 फीट सड़क बनाने के लिए अनुमति वीडीए को दे दी गई।
सभासद अमित ने कहा कि एक करोड़ दो लाख पालिका को कर्ज के रुप में मिले हैं। इससे वार्डों की खराब सड़कें ठीक कराने का प्रस्ताव भेजा गया था। इसे बदलवाकर उसे जायसवाल स्कूल रोड निर्माण के कार्य के लिए भेज दिया। सभासद पारस यादव ने बची धनराशि 25 करोड़ 74 लाख से छोटे-छोटे कार्य कराने की मांग की।