NCC कैंप का पांचवां दिन: कैडेट्स ने सीखे फायरिंग और मैप रीडिंग के गुर, यातायात नियमों के प्रति हुए जागरूक

मुगलसराय में 91 यूपी बटालियन NCC के 10 दिवसीय कैम्प के पांचवें दिन कैडेट्स को फायरिंग कंपटीशन और मैप रीडिंग सिखाई गई। इसके साथ ही यातायात जागरूकता क्लास और शानदार रक्तदान शिविर का आयोजन भी किया गया।

 
 

कैडेट्स के लिए क्लास फायरिंग कंपटीशन 

यातायात नियमों के प्रति छात्र हुए जागरूक 

एनसीसी कैडेट्स द्वारा बढ़-चढ़कर रक्तदान 

विकसित नागरिक बनाने पर विशेष जोर

चंदौली जिले की 91 यूपी बटालियन एनसीसी (NCC) मुगलसराय द्वारा आयोजित 10 दिवसीय कंबाइंड एनुअल ट्रेनिंग कैंप (CATC 281) के पांचवें दिन कैडेट्स के बीच जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। आज 20 मई 2026 को सुबह की शुरुआत अनुशासित ड्रिल और ट्रेनिंग क्लासेस के साथ हुई। कैंप के दौरान आयोजित क्लास फायरिंग कंपटीशन में युवाओं ने बढ़-चढ़कर अपनी प्रतिभा दिखाई। इस दौरान कैडेट्स को सैन्य कौशल के महत्वपूर्ण पहलुओं जैसे मैप रीडिंग, वीर योद्धा, ट्रैफिक कंट्रोल क्लास, और करियर गाइडेंस की विस्तृत जानकारी दी गई। इसके अलावा पॉइंट 22 राइफल को खोलने और जोड़ने (खोलो-जोड़ो स्किल) का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया।

युवाओं को एक विकसित और मजबूत नागरिक बनाना मुख्य उद्देश्य
कैंप के एडम ऑफिसर कर्नल सुखबीर पूनिया ने कैडेट्स को संबोधित करते हुए बताया कि इस 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का मुख्य उद्देश्य युवाओं में नेतृत्व क्षमता (लीडरशिप), शारीरिक फिटनेस और अनुशासन की भावना को कूट-कूट कर भरना है। उन्होंने जोर देकर कहा कि हमारा लक्ष्य कैंप में आए सभी कैडेट्स को एक जिम्मेदार, अनुशासित और विकसित नागरिक के रूप में तैयार करना है। इसी क्रम में वाराणसी से आए ट्रैफिक पुलिस के सब-इंस्पेक्टर (SI) ने विशेष क्लास लेकर कैडेट्स को यातायात नियमों और सुरक्षा मानकों के बारे में विस्तार से जागरूक किया।

देशप्रेम की भावना और सामाजिक सरोकार: रक्तदान शिविर का आयोजन
एनसीसी कैम्प के पांचवें दिन सिर्फ सैन्य प्रशिक्षण ही नहीं, बल्कि सामाजिक सरोकार की झलक भी देखने को मिली। कैंप परिसर में एक विशेष ब्लड डोनेशन (रक्तदान) शिविर आयोजित किया गया, जिसमें एनसीसी कैडेट्स और पीआई (PI) स्टाफ ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और रक्तदान किया। अधिकारियों ने बताया कि यह ट्रेनिंग युवाओं में राष्ट्रप्रेम, आत्मविश्वास और विपरीत परिस्थितियों के अनुकूल खुद को ढालने की क्षमता विकसित करती है। 15 मई से शुरू हुआ यह ट्रेनिंग कैंप आगामी 24 मई तक चलेगा, जिसमें सांस्कृतिक कार्यक्रम, वाद-विवाद प्रतियोगिता और खेलकूद जैसी गतिविधियां भी शामिल हैं।

इस अवसर पर कैप्टन डॉ. अंगद प्रसाद तिवारी, कैप्टन सत्यमूर्ति ओझा, कैप्टन कामेश सिंह, चीफ ऑफिसर अशोक त्रिपाठी, लेफ्टिनेंट हवलदार यादव और सेकेंड ऑफिसर सचिन सिंह यादव उपस्थित रहे। इनके अलावा सूबेदार मेजर जे.बी. थापा, ट्रेनिंग जेसीओ भूपेंद्र सिंह, बी.एच.एम. भरत, मिलन थापा, सूबेदार चंद्रशेखर, हवलदार संजय कुशवाहा, नायक मिलन थापा, ओम गुरुंग सहित बटालियन के समस्त पीआई स्टाफ और सिविल स्टाफ ने कार्यक्रम को सफल बनाने में अपना योगदान दिया।