रेलवे में चयनित हुए नीतीश पासवान, महाविद्यालय में खुशी की लहर
नीतीश पासवान का रेलवे के मैकेनिकल विभाग में सेलेक्शन
सरकारी नौकरी में चयनित होकर महाविद्यालय का नाम किया रोशन
महाविद्यालय के प्रबंधक राजेश कुमार तिवारी ने दी बधाई
चंदौली जिले के लाल बहादुर शास्त्री स्नातकोत्तर महाविद्यालय, चंदौली के एम.ए. (अर्थशास्त्र) विभाग में अध्ययनरत छात्र नीतीश पासवान ने रेलवे के मैकेनिकल विभाग में तृतीय श्रेणी पद पर चयनित होकर महाविद्यालय और जिले का नाम रोशन किया है। इस उपलब्धि पर महाविद्यालय परिवार में हर्ष का वातावरण है।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्रबंधक राजेश कुमार तिवारी एवं प्राचार्य प्रो. उदयन ने नीतीश को बधाई दी और उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। तिवारी ने कहा कि विगत चार-पांच वर्षों में महाविद्यालय के छात्र लगातार विभिन्न क्षेत्रों में सफलता प्राप्त कर रहे हैं, जो कि संस्थान के लिए गर्व की बात है। उन्होंने महाविद्यालय के सभी प्राध्यापकों को भी इस सफलता का श्रेय देते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन से ही छात्र नई ऊँचाइयाँ छू रहे हैं।
प्राचार्य प्रो. उदयन ने कहा कि महाविद्यालय में संचालित "अभ्युदय कोचिंग" का सकारात्मक प्रभाव स्पष्ट दिख रहा है। इससे छात्रों में प्रतियोगी परीक्षाओं को लेकर रुचि और आत्मविश्वास दोनों बढ़ा है। उन्होंने कहा कि यह सफलता पं. पारसनाथ तिवारी के उस सपने की पूर्ति की दिशा में एक कदम है, जिसमें उन्होंने अर्ध-नगरीय क्षेत्र के छात्रों को उच्च शिक्षा और रोजगार के अवसर दिलाने का संकल्प लिया था।
इस अवसर पर प्रो. संजय, प्रो. राजीव, प्रो. अरुण, डॉ. कामेश, डॉ. अमितेश, डॉ. संदीप और डॉ. पंकज सहित अन्य शिक्षकों ने भी नीतीश पासवान को शुभकामनाएँ देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। नीतीश की सफलता से महाविद्यालय के अन्य छात्रों में भी नई प्रेरणा का संचार हुआ है।