चेयरमैन साहिबा ध्यान दो..2 साल से लटका 43 लाख का बजट, कैलाशपुरी फेज-2 है जलजमाव से बेहाल

स्कूली बच्चों का निकलना मुश्किल हो गया है और चारों ओर फैली दुर्गंध व गंदे पानी से महामारी फैलने का खतरा बढ़ गया है। ऐसे में स्थानीय लोग प्रशासन से स्थायी समाधान की मांग कर रहे हैं।
 

कैलाशपुरी फेज-2 में होता रहता है जलजमाव

IGRS शिकायत के बाद भी कार्रवाई रही शून्य

बारिश में सड़कों पर घुटने तक पानी

नागरिकों ने पानी में खड़े होकर जताया विरोध

चंदौली जिले के पीडीडीयू नगर में  नगर पालिका परिषद भले ही नियमित रूप से गृहकर और जलकर की वसूली कर रही हो, लेकिन सुविधाओं के नाम पर नगरवासियों को सिर्फ आश्वासन ही मिल रहा है। कैलाशपुरी फेज-2 (महमूदपुर) वार्ड संख्या 6 की हालत बरसात में नारकीय हो जाती है। यहां की सड़क और नाले की समस्या का समाधान लंबे समय से अधर में लटका हुआ है।

वार्डवासियों ने दो वर्ष पूर्व आईजीआरएस पोर्टल पर शिकायत कर सड़क और नाले के निर्माण की मांग की थी। इसके बाद नगरपालिका ने नापी कराकर लगभग 43 लाख रुपये का बजट प्रस्तावित किया, लेकिन दो साल गुजरने के बाद भी काम शुरू नहीं हो सका है।

हाल ही में बुधवार रात और गुरुवार सुबह की बारिश ने एक बार फिर पूरे वार्ड को जलमग्न कर दिया। घुटने तक भरे पानी में लोगों ने खड़े होकर विरोध जताया और नगर पालिका प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जाहिर की।

हर साल बारिश में यही समस्या होती है, और नगर पालिका जेसीबी भेजकर केवल सड़क काटकर अस्थायी जलनिकासी की व्यवस्था कर देती है, जो समस्या का स्थायी समाधान नहीं है। इस बार 2 जुलाई को फिर से रोड खुदवाया गया, लेकिन बारिश शुरू होते ही पूरी कॉलोनी डूब गई।

स्कूली बच्चों का निकलना मुश्किल हो गया है और चारों ओर फैली दुर्गंध व गंदे पानी से महामारी फैलने का खतरा बढ़ गया है। ऐसे में स्थानीय लोग प्रशासन से स्थायी समाधान की मांग कर रहे हैं।