इंडियन ऑयल के टैंकर से हो रही थी तेल चोरी, आलमपुर में पुलिस की छापेमारी के दौरान डीजल बरामद
आलमपुर के निजी हाते में पुलिस की छापेमारी
टैंकर से डीजल चोरी करते चालक और खलासी अरेस्ट
पुलिस ने डीजल भरा ड्रम और जरूरी सामान किए बरामद
चंदौली जिले के अलीनगर थाना पुलिस ने सोमवार की देर शाम आलमपुर स्थित एक निजी हाते में छापेमारी कर डीजल चोरी के धंधे का भंडाफोड़ किया। पुलिस ने मौके से टैंकर चालक और एक अन्य को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से करीब 60 लीटर डीजल, ड्रम, बाल्टी और तेल निकालने के उपकरण बरामद किए गए।
आपको बता दें कि प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार पांडेय को मुखबिर से सूचना मिली थी कि आलमपुर के एक हाते में लंबे समय से टैंकर से डीजल चोरी का काम किया जा रहा है। सूचना पर टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए छापा मारा। छापेमारी के दौरान टैंकर से डीजल निकालते हुए चालक और उसका सहयोगी रंगे हाथ पकड़ लिए गए।
पुलिस ने मौके से तीन ड्रम, तीन बाल्टी और तीन गैलन (20-20 लीटर) डीजल से भरे हुए बरामद किए। बरामद टैंकर इण्डियन ऑयल डिपो से संबद्ध पाया गया। घटना की जानकारी मिलते ही इंडियन ऑयल कंपनी की टीम और आपूर्ति निरीक्षक ममता सिंह भी थाने पहुंचीं और विभागीय जांच शुरू की।
इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है। आईओसी और आपूर्ति विभाग की टीम की निगरानी में आगे की कार्यवाही की जाएगी। फिलहाल पकड़े गए दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है।