घर से भागकर मुंबई मेल पर चढ़ गया देवयान साहू, DDU-RPF ने खोज कर परिवार से मिलाया

सूचना मिलते ही आरपीएफ टीम ने तुरंत ट्रेन की तलाशी ली और जनरल कोच में प्राप्त सूचना के अनुरूप नाबालिक लड़के को ढूंढ निकाला।
 

गुस्सा होकर घर से भागे 15 वर्षीय किशोर को बचाया

आरपीएफ ने शिकायत के बाद की ट्रेन में चेकिंग

बच्चे को उतार कर चाइल्डलाइन को सौंपा

स्टेशन पर चल रहा है ऑपरेशन नन्हे फरिश्ते

चंदौली जिले के पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने आज एक सराहनीय कार्य करते हुए, घर से भागकर ट्रेन में सफर कर रहे पश्चिम बंगाल के एक 15 वर्षीय किशोर को सुरक्षित बचा लिया। किशोर के पिता की सतर्कता और रेल मदद पर मिली त्वरित सूचना के कारण आरपीएफ की दीन दयाल उपाध्याय (डीडीयू) जंक्शन टीम ने उसे समय रहते ढूंढ निकाला।

यह घटना आज 30 सितंबर 2025 को सुबह 10:20 बजे हुई, जब गाड़ी संख्या 12321 अप मुंबई मेल डीडीयू जंक्शन के प्लेटफॉर्म संख्या 07 पर पहुंची। आरपीएफ को रेल मदद रेफरेंस संख्या 2025093002611 के माध्यम से शिकायत मिली थी।

शिकायतकर्ता दीपतेंदु साह ने आरपीएफ को सूचित किया था कि उनका 15 वर्षीय बेटा देवयान साह (निवासी: खानपुकूर, बर्धमान, पश्चिम बंगाल) किसी बात से गुस्सा होकर घर से भाग गया है और वह गाड़ी संख्या 12321 अप के किसी जनरल कोच में सफर कर रहा है।

सूचना मिलते ही आरपीएफ टीम ने तुरंत ट्रेन की तलाशी ली और जनरल कोच में प्राप्त सूचना के अनुरूप नाबालिक लड़के को ढूंढ निकाला। लड़के को ट्रेन से उतारने के बाद, उसकी पहचान का सत्यापन किया गया, जिससे पुष्टि हुई कि वह देवयान साह ही है।

आरपीएफ ने बच्चे की सुरक्षा और कल्याण को सुनिश्चित करते हुए उसे आगे की कानूनी और सामाजिक कार्यवाही के लिए चाइल्डलाइन डीडीयू को सुपुर्द कर दिया। साथ ही, इस पूरी कार्रवाई की सूचना लड़के के परिवार को भी दे दी गई है। आरपीएफ की इस त्वरित और संवेदनशील कार्रवाई के कारण एक भटके हुए किशोर को सुरक्षित उसके परिवार तक पहुंचाने की दिशा में कदम उठाया जा सका।