मिल्कीपुर में प्रशासन ने पूरी जमीन पर पाय कब्जा, जानिए आज कैसे मान गए लोकल लोग

चंदौली के पीडीडीयू नगर में IWAI बंदरगाह परियोजना की भूमि पर एसडीएम अनुपम मिश्रा के नेतृत्व में शत-प्रतिशत कब्जा प्राप्त। PAC की मौजूदगी में शांतिपूर्ण कार्रवाई। जल परिवहन और आर्थिक विकास को मिलेगी नई दिशा।

 

मिल्कीपुर में IWAI बंदरगाह परियोजना हेतु अर्जित भूमि पर प्रशासन का कब्जा

एसडीएम अनुपम मिश्रा के नेतृत्व में शत-प्रतिशत भूमि पर कब्जा पूरा

जल परिवहन को मिलेगा बढ़ावा

चंदौली जिले के पीडीडीयू नगर में शासन की मंशा और जिलाधिकारी के स्पष्ट निर्देशों के क्रम में सोमवार को एक अत्यंत महत्वपूर्ण कार्रवाई को अंजाम दिया गया। मिल्कीपुर क्षेत्र में बंदरगाह (IWAI) परियोजना के लिए अर्जित भूमि पर प्रशासन ने आखिरकार शत-प्रतिशत कब्जा प्राप्त कर लिया। एसडीएम अनुपम मिश्रा के नेतृत्व में यह दीर्घकालिक प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से पूरी हुई, जिससे परियोजना को गति मिलने की उम्मीद है।

एसडीएम और पीएसी की मौजूदगी

कब्जा प्राप्त करने की इस महत्वपूर्ण कार्रवाई में प्रशासन ने पूरी सतर्कता बरती। मौके पर उपजिलाधिकारी पीडीडीयू नगर (एसडीएम अनुपम मिश्रा), तहसीलदार, नायब तहसीलदार और क्षेत्राधिकारी मुगलसराय सहित भारी पुलिस बल और पीएसी (PAC) के जवान मौजूद रहे। किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति से बचने के लिए पूरे क्षेत्र को सुरक्षा की दृष्टि से सील कर दिया गया था। IWAI (Inland Waterways Authority of India) के निदेशक भी अपनी टीम और कांट्रेक्टर के साथ स्थल पर उपस्थित रहे और प्रशासनिक कार्रवाई की निगरानी की। कब्जा प्रक्रिया के साथ-साथ आवश्यक ध्वस्तीकरण कार्य भी शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ।

परियोजना से मिलेगा आर्थिक विकास को बढ़ावा

एसडीएम अनुपम मिश्रा ने बताया कि यह कार्रवाई शासन स्तर से जारी निर्देशों के क्रम में पूरी की गई है। उन्होंने IWAI परियोजना को जिले के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि इससे न केवल जल परिवहन को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि क्षेत्र के आर्थिक और औद्योगिक विकास को भी एक नई दिशा मिलेगी।

पुलिस और राजस्व विभाग की टीम ने बेहतरीन समन्वय दिखाते हुए यह सुनिश्चित किया कि पूरी कार्रवाई बिना किसी विवाद और विरोध के संपन्न हो। प्रशासन की इस सधी हुई कार्यवाही से स्थानीय स्तर पर परियोजना के प्रति लोगों में भरोसा बढ़ा है।