गड्ढों से भरा रेलवे का मालगोदाम जाने वाला रोड, जानलेवा गड्ढों में गिरकर लोग हो रहे चोटिल

यह मार्ग 24 घंटे उपयोग में रहता है, फिर भी अक्सर क्षतिग्रस्त ही रहता है। विडंबना यह है कि मंडल के आलाधिकारी और हाजीपुर जोन के अधिकारी भी निरीक्षण आदि के लिए इसी मार्ग से गुजरते हैं।
 

जानलेवा बना मुगलसराय बाजार से रेलवे मालगोदाम वाला रोड

दर्जनों गड्ढों में पानी भरने से रात में गिरकर चोटिल हो रहे यात्री

आलाधिकारियों के गुजरने पर भी नहीं हो रही स्थायी मरम्मत

चंदौली जिले के पीडीडीयू नगर से गाजीपुर को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण रेलवे मालगोदाम रोड मरम्मत के अभाव में पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया है और अब यह आवागमन करने वाले लोगों के लिए जानलेवा साबित हो रहा है। सड़क पर दर्जनों गड्ढे बन गए हैं, जिससे यहां से गुजरना अत्यंत मुश्किल हो गया है।

यह मार्ग केवल स्थानीय नहीं, बल्कि अत्यंत महत्वपूर्ण है। इस रास्ते से लोग चहनियां होते हुए गाजीपुर, मऊ और गोरखपुर तक आवागमन करते हैं। साथ ही, इंडियन इंस्टीटयूट कालोनी, शास्त्री कालोनी, आरपीएफ कालोनी सहित डाउन सिक लाइन और यार्ड में काम करने वाले सैकड़ों रेलकर्मी भी प्रतिदिन इसी मार्ग का उपयोग करते हैं।

सड़क पर सबसे ज्यादा नारकीय समय बरसात का होता है। हल्की-फुल्की बारिश के बाद ही क्षतिग्रस्त गड्ढों में पानी भर जाता है, जिससे ये जानलेवा साबित होते हैं। दिन में थोड़ी राहत रहती है, लेकिन रात के समय आए दिन लोग इन गड्ढों में गिरकर चोटिल हो रहे हैं।

यह मार्ग 24 घंटे उपयोग में रहता है, फिर भी अक्सर क्षतिग्रस्त ही रहता है। विडंबना यह है कि मंडल के आलाधिकारी और हाजीपुर जोन के अधिकारी भी निरीक्षण आदि के लिए इसी मार्ग से गुजरते हैं। शिकायत करने पर सिर्फ कुछ गड्ढों में राबिश डालकर कोरमपूर्ति की जाती है, जिसके कुछ ही दिन बाद सड़क फिर क्षतिग्रस्त हो जाती है। स्थानीय नागरिकों ने इस महत्वपूर्ण मार्ग की स्थायी मरम्मत की मांग की है।