विधायकजी..मुगलसराय में कब बनेगी स्थायी सब्जी-फल मंडी, व्यवसायियों ने फिर से उठाई आवाज़
 

व्यवसायियों ने प्रशासन से आग्रह किया कि जल्द से जल्द किसी उपयुक्त स्थान पर स्थायी सब्जी-फल मंडी की व्यवस्था की जाए, ताकि व्यापारिक गतिविधियों में व्यवधान न आए और छोटे दुकानदारों की रोज़ी-रोटी सुरक्षित रहे।
 

नगर में स्थायी सब्जी-फल मंडी की उठी मांग

व्यवसायियों ने प्रशासन से की त्वरित कार्रवाई की अपील

फोर लेन सड़क निर्माण से छोटे दुकानदारों को परेशानी

चंदौली जिले के मुगलसराय और अलीनगर में फल-सब्जी व्यवसाई वेलफेयर एसोसिएशन की बुधवार को आयोजित बैठक में व्यवसायियों ने नगर में स्थायी सब्जी-फल मंडी की स्थापना की मांग को जोरदार तरीके से उठाया। एसोसिएशन के अध्यक्ष चौधरी नारायण प्रसाद सोनकर ने बताया कि यह मांग लंबे समय से उठ रही है, लेकिन जिला प्रशासन और नगर पालिका केवल आश्वासन ही देते रहे। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण और अन्य प्रशासनिक अड़चनों के कारण व्यवसायियों को रोज़ाना कठिनाईयों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में राजनेताओं और अफसरों से अपील की जा रही है कि स्थायी सब्जी-फल मंडी की व्यवस्था की जानी चाहिए।

आपको बता दें कि फोर लेन सड़क निर्माण के चलते नगर में फल और सब्जी बेचने वाले ठेला दुकानदारों को रोजाना अपने ठिकाने बदलने पड़ रहे हैं, जिससे उनकी रोज़मर्रा की आमदनी प्रभावित हो रही है। अध्यक्ष ने बताया कि इस समस्या को स्थायी रूप से हल करने के लिए विधायक रमेश जायसवाल, डीएम और सचिव कृषि उत्पादन मंडी पहाड़िया से कई दौर की बातचीत की जा चुकी है, लेकिन कोई ठोस पहल नहीं हो पाई है।

व्यवसायियों ने प्रशासन से आग्रह किया कि जल्द से जल्द किसी उपयुक्त स्थान पर स्थायी सब्जी-फल मंडी की व्यवस्था की जाए, ताकि व्यापारिक गतिविधियों में व्यवधान न आए और छोटे दुकानदारों की रोज़ी-रोटी सुरक्षित रहे। इसके साथ ही उन्होंने अपने सहयोगियों और दुकानदारों से संगठन के नियमों का पालन करने और ग्राहकों के साथ बेहतर व्यवहार बनाए रखने का आग्रह किया।

इस बैठक में महेंद्र प्रसाद सोनकर, राजकुमार सोनकर, अशोक सोनकर, बिसुन प्रसाद, मोहन प्रसाद, मंगल जायसवाल, रामबाबू सोनकर, मुकेश सोनकर, अजय कुमार सोनकर, संजय सोनकर और मनोज जायसवाल समेत अन्य प्रमुख सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर स्थायी समाधान की दिशा में प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की उम्मीद जताई।