छठ महापर्व खत्म : अब कौन साफ कराएगा घाटों पर लगे कचरे का ढेर, सफाई व्यवस्था पर उठे सवाल

रविवार की शाम और सोमवार की भोर में छह लाख से अधिक आस्थावान लोगों ने गंगा नदी, सरोवर तटों और पोखरों के किनारे पहुंचकर भगवान भाष्कर को अर्घ्य दिया और पूजा अर्चना की।
 

मुगलसराय के अधिकांश घाटों पर कचरे का अंबार

छठ पूजा के बाद घाटों पर फैली गंदगी

देवोत्थान एकादशी और देव दीपावली से पहले सफाई बड़ी चुनौती

प्रशासन पर सवाल

चंदौली जिले के पीडीडीयू नगर में लोक आस्था का महापर्व, चार दिवसीय डाला छठ, सोमवार को उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ ही संपन्न हो गया है। इस पर्व के समापन के बाद पीडीडीयू नगर और जिले के अधिकांश घाटों पर भारी गंदगी फैली हुई है, जो प्रशासनिक सफाई व्यवस्था को मुंह चिढ़ा रही है।

छठ पर्व की तैयारियां दीपावली के बाद ही शुरू हो गई थीं। यह पूरा पर्व नदी, ताल और तलैयों से जुड़ा होता है। इसलिए पूजा समितियों के साथ रेलवे, पालिका और जिला प्रशासन ने भी तालाबों, पोखरों और नदी तटों की साफ-सफाई और प्रकाश की व्यवस्था करवाई थी।

6 लाख से अधिक व्रतियों ने दिया अर्घ्य

रविवार की शाम और सोमवार की भोर में छह लाख से अधिक आस्थावान लोगों ने गंगा नदी, सरोवर तटों और पोखरों के किनारे पहुंचकर भगवान भाष्कर को अर्घ्य दिया और पूजा अर्चना की। पूजा खत्म होने के बाद तालाबों के किनारों पर अगरबत्ती, दीपक, कलश आदि के अवशेष, फूल और फल पड़े हुए हैं।

स्थानीय पूजा समितियों, जैसे श्रीश्री छठ पूजा समिति सूर्य देव मंदिर मानसरोवर तालाब के अध्यक्ष कृष्णा गुप्ता और अठ पूजा समिति आरपीएफ कॉलोनी के अध्यक्ष सरोज सिंह ने भी अपने स्तर पर तालाब की सफाई की थी। हालांकि, कुछ स्थानों पर नगर पालिका द्वारा सफाई कराई गई है, लेकिन अधिकतर स्थानों पर अब भी गंदगी फैली हुई है।

आगे की चुनौतियों पर चिंता

घाटों पर फैली गंदगी से लोगों की चिंता बढ़ गई है क्योंकि आने वाले दिनों में दो महत्वपूर्ण पर्व हैं। एक नवंबर को देवोत्थान एकादशी है, जब व्रती सरोवर तटों पर दीप जलाते हैं। वहीं, पांच नवंबर को देव दीपावली पर गंगा नदी के साथ ही सरोवर तटों पर दीपदान किया जाएगा। यदि गंदगी बनी रही तो श्रद्धालुओं को मुश्किलों का सामना करना पड़ेगा।

इस मामले में, नगर पालिका परिषद, पीडीडीयू नगर की चेयरमैन सोनू किन्नर ने बताया कि मुगलचक, दामोदरदास रामजानकी और सुभाष नगर स्थित पोखरों की सफाई करा दी गई है। उन्होंने आश्वासन दिया कि यदि कहीं गंदगी रह गई होगी, तो उसे फिर से साफ करा दिया जाएगा।