पावरलूम मशीन के नाम पर बुनकर महिला से लाखों की ठगी, बैंक मैनेजर समेत कई लोगों पर मुकदमा दर्ज

 

चंदौली की एक बुनकर महिला से नई पावरलूम मशीन दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर मुगलसराय कोतवाली में बैंक मैनेजर, फील्ड ऑफिसर और ट्रेडर्स के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

 
 

पावरलूम मशीन दिलाने के नाम पर लाखों की ठगी

मुगलसराय कोतवाली में बड़ौदा यूपी बैंक अफसरों पर FIR

अनपढ़ महिला के नाम पर निकाला 9.50 लाख का लोन

फर्जीवाड़े के बाद भी हर महीने जमा कराई गई किस्त

पुलिस ने मामला दर्ज कर दो आरोपियों को हिरासत में लिया

चंदौली जिले के मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र से धोखाधड़ी की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां दुलहीपुर की रहने वाली बुनकर महिला रुकसाना बीबी के साथ नई पावरलूम मशीन दिलाने का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी कर ली गई। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस अधीक्षक के निर्देश के बाद मुगलसराय कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।

अनपढ़ होने का उठाया फायदा, दस्तावेजों पर कराए दस्तखत
पीड़िता के अनुसार, उन्होंने वर्ष 2013 में पुरानी मशीन से अपना काम शुरू किया था। मशीन बार-बार खराब होने पर उन्होंने जिला उद्योग केंद्र से नए लोन के लिए अर्जी दी। फाइल बड़ौदा यूपी बैंक, दुलहीपुर शाखा पहुंची, जहां बैंक मैनेजर ने उन्हें एक व्यक्ति से मिलने की सलाह दी। इसके बाद कुछ लोग महिला के घर पहुंचे और कागजातों पर अंगूठा व दस्तखत करवा लिए, लेकिन महिला को कुछ समझ नहीं आया।

9.50 लाख रुपये का लोन पास कर महिला को थमाए सिर्फ 2.90 लाख
आरोप है कि वर्ष 2022 में महिला के नाम पर 9.50 लाख रुपये का भारी-भरकम लोन पास कराकर पूरी रकम निकाल ली गई। पीड़ित महिला को सिर्फ 2.90 लाख रुपये ही दिए गए और आज तक कोई नई मशीन भी नहीं लगाई गई। इतना ही नहीं, बेबस महिला से हर महीने करीब 15 हजार रुपये की भारी-भरकम किस्त भी ऐंठी जाती रही।

पुलिस ने बैंक अफसरों और ट्रेडर्स के खिलाफ दर्ज किया मुकदमा
पीड़िता की आपबीती सुनने के बाद पुलिस प्रशासन एक्शन में आ गया है। मुगलसराय कोतवाली में तत्कालीन बैंक मैनेजर, फील्ड ऑफिसर, मनोज शर्मा, सोनी ट्रेडर्स और बैंक के एक अन्य कर्मचारी पर नामजद एफआईआर दर्ज की गई है। मुगलसराय कोतवाल विजय प्रताप सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर दो आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और जल्द ही आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।