साइकिल जागरूकता अभियान में निकले छात्र को अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर, गंभीर हालत में पहुंचा ट्रॉमा सेंटर

साथियों और राहगीरों की मदद से प्रिंस को तत्काल जीवनपुर स्थित एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया।
 

चकरिया गांव के पास हुआ हादसा

साइकिल से जागरूकता अभियान पर निकले थे छात्र

अज्ञात वाहन ने मारी जोरदार टक्कर

प्रिंस यादव गंभीर रूप से घायल

चंदौली जिले के अलीनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत चकरिया गांव के पास शुक्रवार को हुए सड़क हादसे में विद्यापीठ का एक छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल छात्र अपने साथियों के साथ साइकिल से छात्र संघ बहाली को लेकर जागरूकता अभियान में निकला था। हादसे के बाद छात्र को गंभीर अवस्था में वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर किया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, घायल छात्र की पहचान प्रिंस यादव (21) के रूप में हुई है। वह विद्यापीठ के छात्रों के समूह के साथ विभिन्न विद्यालयों और महाविद्यालयों में जाकर छात्र संघ चुनाव की बहाली को लेकर जागरूकता फैला रहा था। शुक्रवार को यह दल एलबीएस पीजी कॉलेज मुगलसराय से संपर्क करने के बाद सकलडीहा पीजी कॉलेज की ओर जा रहा था। इसी दौरान चकरिया गांव के समीप सकलडीहा की ओर से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने प्रिंस को जोरदार टक्कर मार दी।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। साथियों और राहगीरों की मदद से प्रिंस को तत्काल जीवनपुर स्थित एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया।

इस मामले में अलीनगर थाना प्रभारी अनिल कुमार पांडेय ने बताया कि छात्र का इलाज ट्रामा सेंटर में चल रहा है और फिलहाल उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। उन्होंने कहा कि इस घटना के संबंध में अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है, तहरीर मिलने पर अज्ञात वाहन और चालक के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।