नवरात्र में शक्तिपीठों के दर्शन हुए मुश्किल, ट्रेनों की सीटें फुल, 50 से ज्यादा पहुंची वेटिंग
शारदीय नवरात्र में शक्तिपीठों के दर्शन के लिए जाने वाले यात्रियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। प्रमुख देवी मंदिरों को जाने वाली ट्रेनों में सीटें फुल हो चुकी हैं और वेटिंग 50 के पार पहुंच गई है।
नवरात्र पर ट्रेनों की सीटें हुई फुल
50 से ज्यादा पहुंची वेटिंग लिस्ट
वैष्णो देवी और कामाख्या मार्ग पर भीड़
11 से 20 अक्टूबर तक नवरात्र उत्सव
यात्रियों के लिए पूजा स्पेशल ट्रेनें चलाने की तैयारी
शारदीय नवरात्र में शक्तिपीठों और देवी मंदिरों के दर्शन की योजना बना रहे श्रद्धालुओं के लिए सफर आसान नहीं होने वाला है। इस वर्ष शारदीय नवरात्र 11 से 20 अक्टूबर तक मनाया जाएगा। हालांकि, उत्सव शुरू होने से करीब एक महीने पहले ही ट्रेनों में सीटें फुल हो चुकी हैं और आरक्षण के लिए भारी मारामारी देखने को मिल रही है।
प्रमुख देवी धामों के लिए उमड़ती है भारी भीड़
नवरात्र के दौरान डीडीयू नगर और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए निकलते हैं। जम्मू स्थित मां वैष्णो देवी, मध्य प्रदेश के सतना स्थित मां मैहर देवी, हिमाचल प्रदेश की मां ज्वाला देवी व नैना देवी, उत्तराखंड की मां मनसा देवी, असम के गुवाहाटी स्थित मां कामाख्या देवी के अलावा मिर्जापुर की मां विंध्यवासिनी और भभुआ स्थित मां मुंडेश्वरी धाम में भक्तों का सैलाब उमड़ता है।
एक महीने पहले ही 50 के पार पहुंची वेटिंग
इन प्रमुख स्थलों के लिए ट्रेनों में आरक्षण की शुरुआत होते ही श्रद्धालुओं ने सीटें बुक करा ली थीं। स्थिति यह है कि 11 से 18 अक्टूबर के बीच ज्यादातर प्रमुख ट्रेनों में 50 से अधिक वेटिंग चल रही है। कई ट्रेनों में तो रिजर्वेशन कराने पर 'रिग्रेट' (सीट उपलब्ध न होना) दिखाया जा रहा है। इससे परिवार के साथ यात्रा की योजना बना रहे श्रद्धालुओं की चिंता काफी बढ़ गई है।
जम्मूतवी जाने वाली ट्रेनों का हाल
जम्मूतवी रूट की ट्रेनों की स्थिति बेहद खराब है:--
1- कोलकाता-जम्मूतवी एक्सप्रेस: स्लीपर में 74 वेटिंग, थर्ड एसी में 20 वेटिंग, जबकि इकोनॉमी और सेकंड एसी में रिग्रेट की स्थिति है।
2- अर्चना एक्सप्रेस: स्लीपर व इकोनॉमी में रिग्रेट, थर्ड एसी में 13 और सेकंड एसी में 7 वेटिंग है।
3- हिमगिरी एक्सप्रेस: स्लीपर में 89, थर्ड एसी में 30 और सेकंड एसी में 2 वेटिंग है।
4- बेगमपुरा एक्सप्रेस (वाराणसी से): स्लीपर में 89, थर्ड एसी में 30 और सेकंड एसी में 6 वेटिंग चल रही है।
कामाख्या धाम जाने वाली ट्रेनों की स्थिति
डीडीयू जंक्शन से कामाख्या मार्ग पर भी सीटों की भारी किल्लत है:---
1- डिब्रूगढ़ राजधानी एक्सप्रेस: थर्ड एसी में महज 4, सेकंड एसी में 1 सीट उपलब्ध है और फर्स्ट एसी में 1 वेटिंग है।
2- रानी कमलापति-अगरतला स्पेशल: स्लीपर में 6, इकोनॉमी व थर्ड एसी में केवल 1-1 सीट बची है।
3- नई दिल्ली-सिलचर एक्सप्रेस: स्लीपर में 11, इकोनॉमी में 1, थर्ड एसी में 1 और सेकंड एसी में 2 सीटें ही खाली हैं।
4- ब्रह्मपुत्र मेल: स्लीपर में 7, थर्ड एसी में 5 और सेकंड एसी में 1 वेटिंग है।
5- नॉर्थ ईस्ट एक्सप्रेस: स्लीपर में 5, थर्ड एसी में 13 और सेकंड एसी में 11 वेटिंग दर्ज की गई है।
इसके अलावा दून एक्सप्रेस, लोकमान्य तिलक एक्सप्रेस और जनता एक्सप्रेस समेत अन्य ट्रेनों में भी बर्थ हासिल करने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ रही है।
रेलवे चलाएगा पूजा स्पेशल ट्रेनें
ट्रेनों में लगातार बढ़ रही भीड़ पर रेलवे प्रशासन अपनी नजर बनाए हुए है। डीडीयू मंडल के मंडल जनसंपर्क अधिकारी विश्वनाथ ने बताया कि यात्रियों की सुविधा का पूरा ध्यान रखा जा रहा है। भीड़ को देखते हुए पूजा स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी और जरूरत के अनुसार नियमित ट्रेनों में अतिरिक्त कोच भी जोड़े जाएंगे ताकि श्रद्धालुओं को यात्रा में कोई परेशानी न हो।