छत्तीसगढ़ से छुट्टी लेकर घर आ रहे रितेश की चंदौली में मिली लाश, कैंट स्टेशन पर इंतजार करता रह गया भाई

 

छत्तीसगढ़ से ट्रेन से घर लौट रहे वाराणसी के 37 वर्षीय रितेश मिश्रा का शव चंदौली के हृदयपुर में रेलवे ट्रैक पर संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। मृतक का मोबाइल, बैग और पैंट गायब होने से परिजनों ने अनहोनी की आशंका जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।

 
 

गोंदिया-भुज एक्सप्रेस से घर लौट रहा था रितेश

चंदौली के हृदयपुर रेलवे ट्रैक पर मिला शव

मृतक का मोबाइल और बैग रहस्यमयी तरीके से गायब

सिर पर चोट के निशान, पैंट भी गायब

पुलिस कर रही पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

 चंदौली जिले से एक बेहद चौंकाने वाली और दुखद खबर सामने आई है। मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के हृदयपुर गांव के पास रेलवे ट्रैक पर एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ है। मृतक की पहचान वाराणसी जिले के चौबेपुर थाना क्षेत्र के पुरानापट्टी (प्यारी) निवासी 37 वर्षीय रितेश मिश्रा के रूप में की गई है। वह छत्तीसगढ़ से छुट्टी लेकर ट्रेन संख्या 15232 गोंदिया–भुज एक्सप्रेस के S-2 कोच की सीट नंबर 48 पर सवार होकर अपने घर लौट रहा था।

स्टेशन पर भाई करता रहा इंतजार, बोगी से गायब था रितेश 
रितेश के भाई ने बताया कि वह वाराणसी कैंट स्टेशन पर टोटो लेकर अपने बड़े भाई का इंतजार कर रहा था। सफर के दौरान जीवनाथपुर रेलवे स्टेशन के पास रितेश की अपने भाई से फोन पर आखिरी बातचीत हुई थी। इसके बाद हृदयपुर के पास मोबाइल पर घंटी बजती रही, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुई और भोर में करीब चार बजे फोन बंद हो गया। जब ट्रेन कैंट स्टेशन पहुंची, तो पूरी बोगी में खोजबीन करने के बावजूद रितेश का कोई सुराग नहीं मिला।

शव मिलने के बाद गायब मिले पैंट, मोबाइल और बैग 
बाद में सोशल मीडिया के जरिए परिजनों को हृदयपुर में रेलवे ट्रैक पर अज्ञात शव मिलने की सूचना मिली। अस्पताल की मोर्चरी में परिजनों ने शव की पहचान रितेश के रूप में की। मौके पर पहुंची पुलिस, आरपीएफ और फोरेंसिक टीम को रितेश के सिर पर चोट के निशान मिले। सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि शव के पास से उसका मोबाइल फोन, बैग, पैंट और एक पैर का जूता गायब था। उसके शरीर पर सिर्फ रुद्राक्ष की माला, शर्ट और अंडरवियर ही बचे थे।

घटनास्थल की परिस्थितियों से गहराया सस्पेंस 
घटनास्थल पर शौच किए जाने के निशान भी मिले हैं, जिससे यह सवाल उठ रहा है कि ट्रेन में शौचालय होने के बावजूद रितेश पटरी के पास नीचे क्यों उतरा। परिजनों ने आशंका जताई है कि मोबाइल और सामान गायब होना किसी बड़ी अनहोनी की तरफ इशारा करता है। उन्होंने पुलिस से मामले की निष्पक्ष और गहराई से जांच करने की मांग की है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से सामने आएगा मौत का सच
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस सभी संभावित पहलुओं पर छानबीन कर रही है। क्षेत्राधिकारी डीडीयू नगर अरुण सिंह ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम करा दिया गया है। पुलिस टीम आरपीएफ और फोरेंसिक एक्सपर्ट्स के साथ मिलकर हर एंगल से जांच में जुटी है। सीओ के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों और वजहों का पूरी तरह से खुलासा हो सकेगा।