रेलकर्मियों की नाराजगी चरम पर, 19 को करेंगे प्रदर्शन

उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की मांगें अनसुनी की जा रही हैं, जिससे आक्रोश बढ़ रहा है। रेलवे सहित अन्य केंद्रीय कर्मचारी लंबे समय से अपने वेतन और भत्तों से जुड़े मुद्दों पर समाधान चाहते हैं।

 

आठवें वेतन आयोग की अधिसूचना पर कर्मचारियों की नाराजगी

8 महीने बाद भी नोटिफिकेशन जारी नहीं

AIRF ने की 19 सितंबर को प्रदर्शन की घोषणा

चंदौली जिले के पीडीडीयू नगर में केंद्रीय कर्मचारियों के लिए घोषित आठवें वेतन आयोग की अधिसूचना अब तक जारी न होने से रेलवे कर्मचारियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। इस मुद्दे पर ऑल इंडिया रेलवे मेंस फेडरेशन (AIRF) ने 19 सितंबर को देशव्यापी प्रदर्शन का आह्वान किया है।

आपको बता दें कि मंगलवार की सुबह पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन पर एआईआरएफ के महामंत्री शिवगोपाल मिश्र का ईस्ट सेंट्रल रेलवे कर्मचारी यूनियन (ECRKU) के पदाधिकारियों ने स्वागत किया। इस मौके पर मिश्र ने स्पष्ट कहा कि सरकार की ओर से आयोग गठन की घोषणा हुए आठ महीने से अधिक बीत चुके हैं, लेकिन अभी तक कोई नोटिफिकेशन जारी नहीं किया गया है। यह कर्मचारियों के साथ वादा खिलाफी है।

उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की मांगें अनसुनी की जा रही हैं, जिससे आक्रोश बढ़ रहा है। रेलवे सहित अन्य केंद्रीय कर्मचारी लंबे समय से अपने वेतन और भत्तों से जुड़े मुद्दों पर समाधान चाहते हैं। ऐसे में अब 19 सितंबर को विभिन्न कार्यालयों पर विरोध प्रदर्शन कर सरकार को चेताया जाएगा।

स्वागत करने वालों में ईसीआरकेयू के केंद्रीय सहायक महामंत्री बीबी पासवान, पीडी शाखा अध्यक्ष एसपी सिंह, शाखा मंत्री संजय शर्मा, पूर्व शाखा मंत्री शंकर प्रसाद, राजीव सिंह, मोहन राम और रविंद्र कुमार समेत कई कर्मचारी नेता मौजूद रहे।