स्पेशल ट्रेन का पेंटो टूटने से 3 घंटे फंसी रही ट्रेन, कई ट्रेनों का परिचालन हुआ प्रभावित

रेल प्रशासन में सूचना मिलते ही अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे और मरम्मत कार्य में जुट गए। लगभग तीन घंटे के प्रयास के बाद पेंटो और ओएचई तार की मरम्मत कर ट्रेनों का परिचालन बहाल किया गया।
 

राजगीर आनंद विहार स्पेशल ट्रेन का पेंटो टूटा

पेंटो टूटने के कारण ट्रेन डाउन यार्ड में रुकी

लगभग तीन घंटे बाद परिचालन बहाल हुआ

चंदौली जिले के पीडीडीयू नगर में शनिवार सुबह राजगीर से आनंद विहार जा रही सुपरफास्ट स्पेशल ट्रेन का इंजन अचानक पेंटो (Panto) टूट जाने के कारण पीडीडीयू रेलवे डाउन यार्ड में खड़ा हो गया। इस घटना के कारण पटना-पीडीडीयू रेलखंड पर लगभग तीन घंटे तक अन्य ट्रेनों का परिचालन ठप रहा।

जानकारी के अनुसार, अप राजगीर-आनंद विहार स्पेशल ट्रेन सुबह 7.27 बजे पीडीडीयू जंक्शन के डाउन यार्ड के एलसी गेट के समीप पहुंची। इसी दौरान इंजन का पेंटो ओवरहेड इलेक्ट्रिक (OHLE) तार में फंसकर टूट गया। ट्रेन मेन लाइन पर खड़ी होने से पटना-गोमतीनगर वंदे भारत एक्सप्रेस, महानंदा एक्सप्रेस, पंजाब मेल, भागलपुर-आनंद विहार स्पेशल और बक्सर-डीडीयू मेमू पैसेंजर सहित कई ट्रेनों का परिचालन प्रभावित हुआ।

रेल प्रशासन में सूचना मिलते ही अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे और मरम्मत कार्य में जुट गए। लगभग तीन घंटे के प्रयास के बाद पेंटो और ओएचई तार की मरम्मत कर ट्रेनों का परिचालन बहाल किया गया।

इस हादसे के कारण यात्रियों को गंभीर असुविधा का सामना करना पड़ा। रेलवे अधिकारियों ने कहा कि पेंटो टूटने जैसी घटनाओं की जांच नियमित रूप से की जाएगी ताकि भविष्य में अनपेक्षित दुर्घटनाओं से बचा जा सके। यात्रियों से धैर्य बनाए रखने और किसी समस्या के मामले में हेल्प डेस्क से संपर्क करने की अपील की गई।