RPF जवानों को बहनों ने बांधी राखियां, निभाया भाईचारे का फर्ज

इस पहल ने न सिर्फ रक्षाबंधन की सामाजिक महत्ता को उजागर किया, बल्कि यह भी साबित किया कि जब बात हमारे रक्षकों की होती है, तो पूरा समाज एक परिवार की तरह साथ खड़ा होता है।
 

आरपीएफ पोस्ट पर एक अनूठी पहल

स्वयंसेवी संस्था 7 डेज फाउंडेशन ने बांधी राखी

संस्था की अध्यक्षा  कोमल गुप्ता ने किया टीम का नेतृत्व 

चंदौली जिले में रक्षाबंधन के पावन अवसर पर डीडीयू जंक्शन स्थित आरपीएफ पोस्ट पर एक अनूठा व भावुक कर देने वाला दृश्य देखने को मिला। स्वयंसेवी संस्था 7 डेज फाउंडेशन की अध्यक्षा  कोमल गुप्ता के नेतृत्व में नगर की महिलाओं व बच्चियों ने आरपीएफ जवानों की कलाइयों पर राखी बांधकर भाई-बहन के अटूट प्रेम का प्रतीक यह पर्व धूमधाम से मनाया।

इस आयोजन में उन जवानों को विशेष रूप से शामिल किया गया, जो ड्यूटी के कारण अपने घर नहीं जा सके थे। बहनों ने मिठाई खिलाकर जवानों की सलामती की दुआ माँगी और उन्हें यह एहसास दिलाया कि वे ड्यूटी पर भले ही घर से दूर हैं, लेकिन समाज उनके साथ खड़ा है।

आरपीएफ प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार रावत ने बताया कि, “यात्रियों की सुरक्षा विशेषकर महिला यात्रियों की रक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। रक्षाबंधन भाई-बहन के रिश्ते का पर्व है और इस दिन बहनें अपने भाइयों से अपनी रक्षा का वचन लेती हैं। हमारे जवान न सिर्फ इस वचन को निभाते हैं, बल्कि हर दिन इसे अपने कर्तव्य के रूप में जीते हैं।”

इस आयोजन के दौरान रेल यात्रियों ने भी इस अद्भुत पल का आनंद लिया और कई लोगों ने इन क्षणों को अपने मोबाइल कैमरों में कैद किया। इस आयोजन में उपस्थित महिलाएं जैसे आरती शर्मा, संस्कृति, मालती गुप्ता, ईशानी, विशाल आदि ने भी जवानों को राखी बांधकर भाईचारे और समर्पण का संदेश दिया।

इस पहल ने न सिर्फ रक्षाबंधन की सामाजिक महत्ता को उजागर किया, बल्कि यह भी साबित किया कि जब बात हमारे रक्षकों की होती है, तो पूरा समाज एक परिवार की तरह साथ खड़ा होता है।