SP साहब देखिए..रेलवे के कई अंडरपास बने हादसों और अपराध के केंद्र: न लाइट, न कैमरे, अंधेरे में राहगीर असुरक्षित
चंदौली के मुगलसराय तहसील स्थित रामपुर गांव के रेलवे अंडरपास में रोशनी, सीसीटीवी और सुरक्षा न होने से राहगीरों व महिलाओं में खौफ है। ग्रामीणों ने एसपी और रेल अधिकारियों को सामूहिक प्रार्थना-पत्र सौंपकर तुरंत सुरक्षा इंतज़ाम करने की मांग की है।
रामपुर गांव का रेलवे अंडरपास बना असुरक्षित
अंधेरे के कारण आए दिन चोरी और छेड़खानी
ग्रामीणों ने एसपी और रेल अधिकारियों को सौंपा पत्र
अंडरपास में एलईडी लाइट व सीसीटीवी लगाने की मांग
नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने की उठी मांग
चंदौली जिले के मुगलसराय तहसील अंतर्गत रामपुर गांव स्थित रेलवे अंडरपास आमजन, राहगीरों और महिलाओं के लिए दिन-ब-दिन असुरक्षित होता जा रहा है। अंडरपास में पर्याप्त रोशनी, सुरक्षाकर्मियों और सीसीटीवी कैमरों के न होने से असामाजिक तत्वों का जमावड़ा बना रहता है। इस गंभीर समस्या को लेकर रामपुर के ग्रामीणों ने एक सामूहिक प्रार्थना-पत्र तैयार कर एसपी और रेल अधिकारियों को सौंपा है।
अंधेरे और सुरक्षा के अभाव में बढ़ रहीं आपराधिक घटनाएं
गांव के निवासियों का कहना है कि इस रेलवे अंडरपास का उपयोग रोजाना बड़ी संख्या में स्थानीय लोग करते हैं। हालांकि, पर्याप्त लाइट की व्यवस्था न होने के कारण रात के समय यहां गहरा अंधेरा छाया रहता है। इस अंधेरे का फायदा उठाकर असामाजिक तत्व राहगीरों को अपना शिकार बनाते हैं, जिससे क्षेत्र में भय का माहौल बना हुआ है।
महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा पर मंडरा रहा खतरा
अंडरपास में सुरक्षा व्यवस्था शून्य होने के कारण आए दिन चोरी, छिनैती और महिलाओं व छात्राओं के साथ छेड़खानी की घटनाएं सामने आ रही हैं। शाम ढलते ही इस रास्ते से गुजरने में महिलाएं और स्कूली बच्चे बेहद असुरक्षित महसूस करते हैं। ग्रामीणों के अनुसार, यदि समय रहते ध्यान नहीं दिया गया तो यहां कभी भी कोई बड़ी अप्रिय घटना घट सकती है।
ग्रामीणों ने सामूहिक मांग पत्र सौंपकर रखीं ये मुख्य मांगें
समस्या के स्थाई समाधान के लिए रामपुर गांव के ग्रामीणों ने हस्ताक्षर अभियान चलाकर पुलिस प्रशासन और रेलवे विभाग से सुरक्षा के कड़े इंतजाम करने की अपील की है। ग्रामीणों ने ज्ञापन के जरिए निम्नलिखित मुख्य मांगें रखी हैं:---
1-अंडरपास के अंदर पर्याप्त संख्या में एलईडी लाइटें लगाई जाएं ताकि अंधेरा पूरी तरह खत्म हो सके।
2-प्रवेश और निकास द्वार पर सीसीटीवी कैमरे लगाकर उनकी नियमित निगरानी और रिकॉर्डिंग सुनिश्चित की जाए।
3- क्षेत्र में महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा हेतु पुलिस की नियमित गश्त बढ़ाई जाए।
जनहित में तत्काल सख्त कार्रवाई की अपील
गांव के सैकड़ों निवासियों ने हस्ताक्षरित पत्र के माध्यम से अधिकारियों से गुहार लगाई है कि जनहित से जुड़े इस संवेदनशील मुद्दे का जल्द से जल्द संज्ञान लिया जाए। ग्रामीणों ने कहा कि यदि समय पर प्रकाश और सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त कर दी जाए, तो आवागमन सुरक्षित हो सकेगा और असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी रोक लग सकेगी।