सपा नेताओं के बीच खूनी संघर्ष का असली सच: महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष गार्गी पटेल के घर में घुसकर इसलिए हुयी मारपीट
चन्दौली के मुगलसराय में सपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष गार्गी पटेल पर सपा नेता के परिवार ने घर में घुसकर जानलेवा हमला कर दिया। पैसों के लेनदेन के विवाद में हुई इस मारपीट में वह गंभीर रूप से घायल हो गई हैं।
सपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष पर हमला
घर में घुसकर की गई बेरहमी से मारपीट
पैसों के लेनदेन और पार्टनरशिप का विवाद
बेहोश होने तक पीटते रहे दबंग आरोपी
जलीलपुर पुलिस मामले की जांच में जुटी
चंदौली जिले के मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र में उस समय सनसनी फैल गई, जब समाजवादी पार्टी (सपा) महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष गार्गी पटेल के घर में घुसकर कुछ दबंगों द्वारा बेरहमी से मारपीट की घटना को अंजाम दिया गया। इस जानलेवा हमले में महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष गंभीर रूप से घायल हो गई हैं, जिन्हें इलाज के लिए तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस घटना के बाद से ही माडिया गांव और आसपास के राजनीतिक गलियारों में भारी तनाव की स्थिति बनी हुई है।
सुबह-सुबह भड़का विवाद
मिली जानकारी के अनुसार, मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र की जलीलपुर पुलिस चौकी के अंतर्गत आने वाले ग्राम माडिया में गुरुवार की सुबह यह पूरी वारदात घटित हुई। आरोप है कि समाजवादी पार्टी के ही एक स्थानीय नेता प्यारेलाल के परिवार के लोग अचानक गार्गी पटेल के आवास पर पहुंचे। वहां किसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि सपा नेता की पत्नी, पुत्री और पुत्र ने गार्गी पटेल पर कई तरह के गंभीर आरोप लगाते हुए उनके साथ अभद्रता की। जब स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव करने का प्रयास किया, तो आरोपियों ने उन्हें भी अंजाम भुगतने और जान से मारने की धमकी दी।
पैसों का लेनदेन और प्रॉपर्टी पार्टनरशिप बनी विवाद की मुख्य वजह
अस्पताल में उपचाराधीन सपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष गार्गी पटेल ने घटनाक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि सपा नेता प्यारेलाल किसी काम के सिलसिले में उन्हें अपने साथ ले जाने के लिए उनके घर आए थे। इसी दौरान प्यारेलाल के परिवार के सदस्य अमित यादव, मनोज यादव, उनकी बेटी और पत्नी वहां आ धमके और अचानक हमला बोल दिया। गार्गी पटेल के अनुसार, वह और प्यारेलाल जमीन (प्रॉपर्टी) के कारोबार में साझेदार (पार्टनर) थे। पिछले कुछ समय से उनके बीच पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के चलते आरोपियों ने उन्हें तब तक बेरहमी से पीटा, जब तक कि वह अचेत होकर जमीन पर नहीं गिर गईं। वारदात के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।
➡️चंदौली जिले में सपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष के साथ मारपीट का CCTV वीडियो वायरल
— Chandauli Samachar (@chandaulinews) May 28, 2026
➡️घटना के कारणों का अब तक नहीं चल सका पता
➡️वायरल वीडियो को लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज#Chandauli #SPMahilaMorcha #CCTVViral #ViralVideo #SamajwadiParty #BreakingNews #ChandauliNews… pic.twitter.com/mA9YI9Iroj
मौके पर पहुंची पुलिस, तहरीर का इंतजार और जांच शुरू
घटना की सूचना मिलते ही जलीलपुर चौकी प्रभारी और डायल 112 की पुलिस टीम तुरंत माडिया गांव पहुंची। पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए अचेतावस्था में घायल गार्गी पटेल को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों की देखरेख में उनका उपचार चल रहा है। हालांकि, इस मामले में अभी तक पीड़िता या उनके परिवार की तरफ से पुलिस को कोई लिखित या औपचारिक तहरीर नहीं सौंपी गई है। स्थानीय पुलिस का कहना है कि वे मामले की बारीकी से जांच कर रहे हैं और तहरीर मिलते ही आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।