PM मोदी के आगमन से पहले वरिष्ठ अधिवक्ता संतोष पाठक हाउस अरेस्ट, लगाया भ्रष्टाचार छिपाने का आरोप
DDU नगर भ्रष्टाचार छिपाने का आरोप
अधिवक्ता संतोष पाठक को किया गया हाउस अरेस्ट
प्रशासन पर उत्पीड़न का आरोप
चंदौली जिले के पीडीडीयू नगर में प्रधानमंत्री माननीय नरेंद्र मोदी के वाराणसी आगमन से ठीक पहले, जनहित के मुद्दों पर प्रखर रूप से अपनी बात रखने वाले वरिष्ठ अधिवक्ता संतोष कुमार पाठक को उनके सर्कस रोड, चंधासी स्थित आवास पर हाउस अरेस्ट (House Arrest) कर लिया गया। अधिवक्ता ने बताया कि विगत रात 8:00 बजे से ही उनके आवास पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया और उन्हें स्पष्ट निर्देश दिया गया कि जब तक प्रधानमंत्री जी बनारस में हैं, वे घर से बाहर नहीं निकल सकते हैं। इस कार्रवाई को लेकर अधिवक्ता ने जिला प्रशासन पर उत्पीड़न का गंभीर आरोप लगाया है।
भ्रष्टाचार का ज्ञापन रोकना चाहती है सरकार
संतोष कुमार पाठक एडवोकेट ने हाउस अरेस्ट किए जाने पर प्रशासन से सवाल किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे प्रधानमंत्री का विरोध नहीं कर रहे थे, बल्कि केवल निवेदन के साथ एक ज्ञापन देना चाहते थे। उनका ज्ञापन मुख्य रूप से पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय) में हो रहे सड़क निर्माण में भारी भ्रष्टाचार से संबंधित था। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य मार्ग संख्या 120 के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण का कार्य नियमों के विपरीत हो रहा है और यह तय डीपीआर (DPR) के मुताबिक नहीं बनाया जा रहा है।
मंदिर निर्माण और अवैध कब्जों को संरक्षण देने का आरोप
अधिवक्ता संतोष पाठक ने भ्रष्टाचार के साथ ही एक और गंभीर आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पीडब्ल्यूडी (PWD) स्वयं अपनी ही भूमि पर अतिक्रमण कर, शौचालय के बगल में प्राचीन काली माता मंदिर का निर्माण कर रहा है। उनका कहना है कि ऐसा इसलिए किया जा रहा है ताकि पीडीडीयू नगर बाजार के सारे अवैध निर्माण जो पीडब्ल्यूडी की जमीन पर हैं, उन्हें हमेशा के लिए संरक्षित किया जा सके। उन्होंने इसे नियमों के विरुद्ध और अनैतिक बताया।
जनहित के मुद्दों के लिए आंदोलन
वरिष्ठ अधिवक्ता ने इस बात पर जोर दिया कि वह मुगलसराय में लगने वाले भयंकर जाम के समाधान और जनता की भलाई के लिए सिक्स लेन सड़क निर्माण की मांग कर रहे हैं। उन्होंने पूछा कि जनता के मुद्दों के लिए प्रधानमंत्री से मिलना अगर गलत नहीं है, तो उन्हें बार-बार पुलिस बल भेजकर डिटेन क्यों किया जा रहा है? उन्होंने कहा कि एक अधिवक्ता होने के नाते उन्हें जरूरी कार्यों के लिए घर से बाहर जाना पड़ता है और मुवक्किल भी आते-जाते रहते हैं, लेकिन उन्हें रोजमर्रा के सामान खरीदने के लिए भी बाजार नहीं जाने दिया गया।
पीएम से वीडियो बनाकर की अपील
नज़रबंद किए जाने के बाद संतोष कुमार पाठक एडवोकेट ने वीडियो बनाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अपील की। उन्होंने प्रधानमंत्री से अनुरोध किया कि अगर वह उनकी आवाज सुन रहे हैं, तो पीडीडीयू नगर में हो रहे भ्रष्टाचार की निष्पक्ष जांच करवाएं और सिक्स लेन सड़क का निर्माण कराएं, ताकि स्कूली छात्र, व्यापारी, अधिवक्ता और आमजन भयंकर जाम की समस्या से निजात पा सकें। इस दौरान उनके आवास पर पिंटू सिंह राजपूत, हिमांशु तिवारी, राजेश गोस्वामी जैसे कई लोग भी उपस्थित रहे।